रणजी ट्रॉफी 2025-26, मुंबई ने बदला कप्तान, शार्दुल ठाकुर को मिली कमान! टीम से कटे यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर का पत्ता, जानिए वजह
मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) ने आगामी 2025-26 रणजी सीज़न के लिए 24 सदस्यीय संभावित खिलाड़ियों की सूची का ऐलान कर दिया है। इस बार स्टार ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को मुंबई टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है, जो एक बड़ा बदलाव है। पिछले सीज़न में टीम की कमान संभालने वाले अनुभवी बल्लेबाज़ अजिंक्य रहाणे भी टीम का हिस्सा हैं, लेकिन उन्हें इस बार कप्तान की जगह सिर्फ बल्लेबाज़ के तौर पर चुना गया है।
सबसे चौंकाने वाली खबर यह है कि टीम इंडिया के स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल को 24 सदस्यीय संभावित खिलाड़ियों की सूची में जगह नहीं मिली है।
वहीं, दूसरे स्टार खिलाड़ी श्रेयस अय्यर ने खुद ही लाल गेंद वाली क्रिकेट से कुछ समय के लिए दूर रहने का फैसला किया है। अय्यर ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से गुजारिश की है कि उन्हें रेड बॉल क्रिकेट से आराम दिया जाए। इसी वजह से वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली दो मैचों की आगामी टेस्ट सीरीज के लिए भी चयनकर्ताओं ने उनके नाम पर विचार नहीं किया।