गपशप है सेहत का राज! ‘गॉसिप’ से मजबूत होते हैं रिश्ते, साइंस ने बताया- पार्टनर के साथ रोज़ 38 मिनट की गप्पेबाजी से बढ़ेगी खुशी

दोस्तों के साथ हंसी-मजाक, ठहाके और गपशप आखिर किसे पसंद नहीं होती। यह आपके दिनभर की थकान को चुटकियों में दूर कर देती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गप्पे मारना सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि सेहत का राज भी है। अब साइंस भी इस बात को मानती है। गपशप करने से आप स्वस्थ रह सकते हैं और इससे रिश्ते भी मजबूत होते हैं।

रिसर्च में साबित हुई ये बात

कैलिफ़ोर्निया यूनिवर्सिटी की एक रिसर्च में सामने आया है कि जो लोग खासकर अपने पार्टनर के साथ गपशप करते हैं, उनका रिश्ता बाकी कपल्स के मुकाबले ज्यादा मजबूत होता है। ऐसे कपल्स ज्यादा खुश रहते हैं।

रिसर्च में पाया गया कि जो कपल्स औसतन हर दिन करीब 38 मिनट गपशप करते हैं, वो काफी खुश और संतुष्ट पाए गए। यह 38 मिनट गपशप किसी भी कपल की रोज़ की बातचीत का लगभग 14 प्रतिशत हिस्सा होता है। ये गपशप आमतौर पर मजेदार और हल्की-फुल्की होती हैं, जो रिश्तों में ताजगी बनाए रखती हैं।

सिर्फ बुराई करना नहीं है गपशप

हमारे समाज में गपशप को अक्सर अच्छा नहीं माना जाता, क्योंकि यह सुनते ही दिमाग में सबसे पहले किसी की बुराई करने का ख्याल आता है। लेकिन रिसर्चर्स का कहना है कि गपशप सिर्फ नेगेटिव बातों तक सीमित नहीं है। इसका मतलब है उन लोगों के बारे में बातें करना जो उस वक्त वहां मौजूद नहीं हैं। ये बातें पॉजिटिव भी हो सकती हैं, सामान्य भी और कभी-कभी नेगेटिव भी।

बढ़ता है भरोसा और विश्वास

रिसर्च के अनुसार, जब दो लोग साथ बैठकर किसी तीसरे की बातें कर रहे होते हैं, तो असल में वे एक टीम की तरह बर्ताव करते हैं। यह बातें आपके अनुभव, मज़ाक, या कॉमन आदतों से संबंधित हो सकती हैं। यह एक-दूसरे पर भरोसा और समझ बढ़ाती है। बातें करने से दो लोगों के बीच की दूरियां कम होती हैं।

भावनात्मक जुड़ाव में मददगार

‘जर्नल ऑफ सोशल एंड पर्सनल रिलेशनशिप्स’ में प्रकाशित इस रिसर्च के अनुसार, गपशप के दौरान लोग जो बातें साझा करते हैं, वे अक्सर एक दूसरे की भावनाओं से जुड़ी होती हैं। जब आप किसी के साथ दिल की बातें करते हैं, तो इससे मन को राहत मिलती है और मूड अच्छा हो जाता है। यही वजह है कि रिसर्च में गपशप करने वाले कपल्स ज्यादा संतुष्ट और खुश पाए गए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *