उत्तराखंड, ‘नेपाल-लद्दाख जैसे हालात’ बनाने की धमकी! पेपर लीक प्रदर्शन के बीच वायरल हुए भड़काऊ वीडियो पर CM धामी का बड़ा बयान
उत्तराखंड में पेपर लीक मामले को लेकर युवाओं का प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। छात्र लगातार पेपर लीक की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, लेकिन इसी बीच कुछ भड़काऊ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में कुछ छात्रों को ‘नेपाल और लद्दाख जैसे हालात’ बनाने की धमकी देते हुए देखा गया है।
वायरल हो रहे इन बयानों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बयान सामने आया है। उन्होंने सभी युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे यह तय करें कि उनके आंदोलन का नेतृत्व कौन लोग कर रहे हैं। सीएम धामी ने साफ आरोप लगाया कि युवाओं के इस आंदोलन का राजनीतिकरण किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं को निष्पक्ष जांच का पूरा भरोसा दिया है।
क्या आंदोलन भड़काने में विपक्ष की भूमिका है?
देवभूमि उत्तराखंड में इस प्रदर्शन को हवा देने में विपक्ष की साजिश होने का शक जताया जा रहा है। इस पर सीएम धामी ने कहा कि “जो युवाओं को सड़कों पर लाकर अपना हित साध रहे हैं, ऐसे लोग हैं जिनका युवाओं या भर्ती प्रक्रिया से कोई लेना-देना नहीं है।” उनका सीधा मतलब विपक्षी नेताओं से है, जो बेवजह युवाओं को आंदोलन में फंसा रहे हैं। धामी ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया कि छात्रों की आड़ में सरकार को निशाना बनाया जा रहा है।
सीएम ने दिया निष्पक्षता का भरोसा
सीएम धामी प्रदेश के युवाओं का विश्वास जीतने की कोशिश में लगे हैं। उन्होंने युवाओं से निष्पक्षता का दावा भी किया है। सीएम धामी ने कहा, “हमारी प्रतिबद्धता है कि जैसे हमने 25 हजार नियुक्तियां पारदर्शी तरीके से बिना किसी भ्रष्टाचार के की हैं, आगे भी इस क्रम को हम बढ़ाएंगे।” उन्होंने बताया कि सामने आई घटना की जांच के लिए एक एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि छात्रों के हित में जो भी फैसला लेना होगा, हम एक मिनट भी पीछे नहीं हटेंगे।
बता दें कि यह मामला तब सामने आया जब गत 21 सितंबर को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा का पेपर लीक हो गया। इसके बाद से ही छात्र प्रदेशभर में प्रदर्शन कर रहे हैं।