पूरी तरह से निराधार’! PM मोदी और पुतिन की कथित बातचीत के दावे को भारत ने किया सिरे से खारिज, NATO प्रमुख को दी नसीहत
भारत ने NATO के महासचिव मार्क रूटे के उन दावों को शुक्रवार को ‘पूरी तरह से गलत और निराधार’ बताते हुए खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को फोन किया और उनसे यूक्रेन युद्ध को लेकर रूस की रणनीति पर सवाल किए। विदेश मंत्रालय ने NATO प्रमुख के बयान को ‘अटकलबाजी या लापरवाही’ भरी टिप्पणी करार दिया है।
मार्क रूटे ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान एक इंटरव्यू में दावा किया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ (शुल्क) का रूस पर खासा असर पड़ रहा है, और इसी संदर्भ में पीएम मोदी ने रूसी राष्ट्रपति से फोन पर बात की थी। रूटे ने कहा था कि मोदी ने पुतिन से यूक्रेन की रणनीति के बारे में पूछा था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा, “हमने NATO महासचिव मार्क रूटे का बयान देखा है। यह बयान पूरी तरह से गलत और निराधार है। प्रधानमंत्री मोदी ने कभी भी राष्ट्रपति पुतिन से उस तरीके से बात नहीं की जैसा बताया जा रहा है। ऐसी कोई बातचीत हुई ही नहीं है।”
जायसवाल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को गलत तरीके से पेश करने वाली या ऐसी बातचीत का सुझाव देने वाली अटकलबाज या लापरवाही वाली टिप्पणियां अस्वीकार्य हैं। उन्होंने NATO प्रमुख को नसीहत देते हुए कहा, “हम NATO जैसे महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित संस्थान के नेतृत्व से अपेक्षा करते हैं कि वह सार्वजनिक बयानों में ज्यादा जिम्मेदारी और सटीकता बरते।”