थम्मा’ का ट्रेलर रिलीज, खूनी वैम्पायर लव स्टोरी में आयुष्मान-रश्मिका की कॉमेडी, नवाजुद्दीन से होगी जबरदस्त टक्कर!

आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना की अपकमिंग हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘थम्मा’ (Thamma) का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इस ट्रेलर से यह साफ हो गया है कि इसमें एक वैम्पायर की कहानी दिखाई जाएगी, जो ढेर सारी कॉमेडी के साथ एक खूनी और डरावनी लव स्टोरी होने वाली है। ट्रेलर देखने के बाद दर्शक इस फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

ट्रेलर की मुख्य बातें

‘थम्मा’ का ट्रेलर 2 मिनट 54 सेकंड का है। इसकी शुरुआत रश्मिका मंदाना की आवाज से होती है, “तुम बेताल हो, तुम्हें पृथ्वी और इंसानों की रक्षा के लिए बनाया गया है।” इसके तुरंत बाद नवाजुद्दीन सिद्दीकी की आवाज सुनाई देती है, “घंटे की सुरक्षा। अब हम इंसानों का खून पिएंगे, नए बेताल पैदा करेंगे, अपनी सेना बनाएंगे और मैं बनूंगा तुम्हारा थामा।” इसके बाद दिखाया जाता है कि नवाजुद्दीन को एक गुफा में कैद कर दिया गया है।

हजारों साल बाद आयुष्मान खुराना वहां पहुंचते हैं और धीरे-धीरे वो खुद भी एक वैम्पायर बन जाते हैं। उनका शरीर धूप में जलने लगता है और दांत नुकीले हो जाते हैं, जिसे देखकर वे खुद हैरान रह जाते हैं। रश्मिका मंदाना उनकी साथी के रूप में नजर आती हैं, जबकि परेश रावल आयुष्मान के पिता की भूमिका में हैं। आखिर में आयुष्मान और नवाजुद्दीन के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिलता है।

ट्रेलर को शेयर करते हुए निर्माताओं ने लिखा, ‘हमारी लोककथाओं की एक भूली-बिसरी कहानी थम्मा। यह इस दिवाली छाने वाली है। मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स प्रस्तुत करता है एक खूनी लव स्टोरी, जिसका निर्माण दिनेश विजान और अमर कौशिक ने किया है और निर्देशन आदित्य सरपोतदार ने किया है। यह फिल्म 21 अक्टूबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।’

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *