आत्मनिर्भर भारत की बड़ी कामयाबी, PM मोदी कल करेंगे BSNL के स्वदेशी 4G नेटवर्क का अनावरण, भारत बनेगा 4G उपकरण का निर्यातक
आत्मनिर्भर भारत अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल हो गई है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकारी कंपनी BSNL के स्वदेशी 4G नेटवर्क का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही, भारत उन चुनिंदा देशों के क्लब में शामिल हो जाएगा जिन्होंने पूरी तरह से अपने टेलीकॉम उपकरणों के साथ 4G नेटवर्क स्थापित किया है, जिनमें चीन, स्वीडन, दक्षिण कोरिया और डेनमार्क शामिल हैं।
इस सफलता से भारत 4G नेटवर्क का बड़ा निर्यातक देश भी बनने जा रहा है। इस 4G नेटवर्क को आसानी से 5G नेटवर्क के लिए अपग्रेड किया जा सकता है।
देश के हर हिस्से में 4G, 98,000 टावरों का अनावरण
शुक्रवार को टेलीकॉम मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि प्रधानमंत्री शनिवार को तकरीबन 98,000 मोबाइल 4G टावर का भी अनावरण करेंगे। इस शुरुआत के बाद देश के हर हिस्से में 4G नेटवर्क की सुविधा होगी।
स्वदेशी 4G नेटवर्क में इस्तेमाल होने वाले रेडियो एक्सेस नेटवर्क (RAN) को सरकारी उपक्रम सी-डॉट से जुड़े तेजस नेटवर्क ने विकसित किया है। बाकी का काम टीसीएस (TCS) और बीएसएनएल ने किया है।
गांव-गांव में मिलेगी विश्व स्तरीय शिक्षा
सिंधिया ने कहा कि सभी हिस्सों में इस शुरुआत से अब देश के गांव-गांव में बच्चे विश्व स्तरीय ऑनलाइन शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। किसानों को गांव में ही मंडी की दरों की जानकारी मिल जाएगी, और उत्तर-पूर्व राज्यों के उद्यमी भी आसानी से अपने सामान की बिक्री ऑनलाइन रूप में कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि टेलीकॉम सेक्टर में भारत सिर्फ विश्व स्तरीय इंटरनेट की सुविधा ही प्रदान नहीं कर रहा है, बल्कि टेलीकॉम उपकरण निर्माण के हब के रूप में भी खुद को स्थापित कर रहा है।