अभिषेक शर्मा को आउट करने का मास्टरप्लान! अख़्तर बोले—’भारत से सीधा भिड़ो, फ्री रन मत दो’
एशिया कप 2025 का फाइनल रविवार को दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच होने जा रहा है। टूर्नामेंट में दो बार भारत से हारने के बाद, पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख़्तर ने अपनी टीम को फाइनल के लिए एक कड़ा और सीधा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि टीम भारत के दबदबे को भूले और निडर होकर खेले।
बांग्लादेश को हराकर फाइनल में पहुंचने के बाद शोएब अख़्तर ने पाकिस्तान टीम की तारीफ़ की और ज़ोर देकर कहा कि उनके पास भारत को हराने की पूरी क्षमता है। हालांकि, अख़्तर ने पाकिस्तान टीम की मानसिकता पर सवाल उठाया, जिसने अब तक दोनों मैचों में भारत को हावी होने दिया।
अख़्तर ने पीटीवी स्पोर्ट्स के शो ‘गेम ऑन है’ पर कहा, “हमें इस मानसिकता से बाहर निकलना होगा, जो भारत के इर्द-गिर्द बनाई गई है, उसे तोड़ना होगा। भारत का भी बुरा दिन आएगा। आपको उसी एटिट्यूड के साथ जाना है जो आज बांग्लादेश के ख़िलाफ़ था। भारत से सीधा भिड़ो।”
गेंदबाज़ों को सलाह देते हुए अख़्तर ने कहा कि वे सिर्फ 20 ओवर फेंकने के बारे में न सोचें, बल्कि विकेट लेने के इरादे से मैदान पर उतरें। उन्होंने कहा, “जब आप उन्हें आउट करने जाओगे, तो भारत को भी एहसास होगा कि उन्हें रन बनाने के लिए लड़ना होगा और उन्हें कोई फ़्री रन नहीं मिलेगा।” शाहीन शाह अफ़रीदी और हारिस रऊफ़ की गति का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पास दुनिया के नंबर एक तेज़ गेंदबाज़ हैं, इसलिए उन्हें डरने की ज़रूरत नहीं है।
शोएब अख़्तर ने खास तौर पर भारत के लिए सबसे बड़े स्कोरर रहे अभिषेक शर्मा को जल्द से जल्द आउट करने पर ज़ोर दिया। अभिषेक ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ सुपर फोर मैच में 39 गेंदों पर 74 रन की तूफ़ानी पारी खेली थी। अख़्तर ने साफ़ कहा कि हमें अभिषेक को आउट करना होगा, बस यही है। उनका मानना है कि अभिषेक के पहले दो ओवरों में आउट होते ही भारत पर बड़ा दबाव आ जाएगा।