पीएम मोदी के साथ ‘विश्वासघात’ करने का आरोप, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प बने महिषासुर!
इस साल दुर्गा पूजा (Durga Puja) में अमेरिका क राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प एक खास आकर्षण का केंद्र बन गए हैं। लेकिन वह अतिथि के रूप में नहीं, बल्कि खुद महिषासुर के रूप में दिखे हैं! सुनहरे बालों और गोरे रंग वाले ट्रम्प-रूप महिषासुर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसे देखकर नेटिज़न्स का एक ही सवाल है कि यह मूर्ति कहां देखने को मिलेगी?
मुर्शिदाबाद की खगड़ा श्मशानघाट दुर्गा पूजा कमेटी (Khagra Smashanghat Durgapuja Committee) ने अपने 59वें वर्ष में यह बड़ा सरप्राइज दिया है। कलाकार असीम पाल ने डोनाल्ड ट्रम्प के रूप में महिषासुर की मूर्ति बनाकर रातोंरात सुर्खियां बटोरी हैं। सैकड़ों दर्शक इस अनोखे असुर को देखने के लिए मुर्शिदाबाद के इस पंडाल में उमड़ रहे हैं।
पूजा कमेटी के आयोजकों का कहना है कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति को उनके ‘विश्वासघात’ के प्रतीक के तौर पर महिषासुर का रूप दिया है। आयोजकों ने बताया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डोनाल्ड ट्रम्प को दोस्त और योग्य विदेशी भागीदार माना था। लेकिन ट्रम्प के कुछ कार्यों का भारत पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा।” उन्होंने आरोप लगाया, “ट्रम्प ने हम पर 50% शुल्क लगा दिया। उन्होंने मोदी और भारत के साथ विश्वासघात किया। इसीलिए हमने उन्हें असुर के रूप में बनाया है।” उनका कहना है कि लोग अब ट्रम्प को ‘पीठ में छुरा घोंपने वाला’ असुर मान रहे हैं।
हालांकि, यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी भारत में ट्रम्प की मूर्ति स्थापित की जा चुकी है। 2018 में, तेलंगाना के एक किसान, बुसा कृष्णा ने ट्रम्प की 6 फीट ऊंची मूर्ति बनाकर एक मंदिर बनवाया था। उन्हें विश्वास था कि ट्रम्प की पूजा करने से उनके जीवन और परिवार में समृद्धि आएगी और दोनों देशों के बीच संबंध अच्छे रहेंगे। 2020 में कृष्णा की मृत्यु हो गई, लेकिन ट्रम्प का वह मंदिर आज भी तेलंगाना के गांव में मौजूद है।