पैसे के पुराने विवाद में जानलेवा हमला, थार गाड़ी रोककर युवक पर चलाई गोली, राजपुर पुलिस ने 3 को किया गिरफ्तार
पुराने लेन-देन के विवाद के चलते जानलेवा हमले के 3 आरोपियों को थाना राजपुर पुलिस ने बड़ा मोड़ ओल्ड मसूरी रोड के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से एक व्यक्ति पर फायर किया था। पुलिस ने घटना में प्रयोग की गई पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
24 सितंबर को पीड़ित अमान चौधरी ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मसूरी रोड पर अज्ञात कार सवार व्यक्तियों ने उसे जान से मारने की नीयत से उस पर पिस्टल से फायर किया। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गईं।
250 CCTV फुटेज की जाँच: गठित टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे लगभग 250 सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। मुखबिर की सूचना पर बड़ा मोड़ ओल्ड मसूरी रोड के पास से घटना में शामिल 3 आरोपी—आसिफ कुरैशी उर्फ आशु, शुभम सती और शाहरुख हुसैन को गिरफ्तार किया गया। अवैध पिस्टल की बरामदगी के चलते मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा बढ़ाई गई है।
हमले का कारण: आरोपी आसिफ कुरैशी से पूछताछ में खुलासा हुआ कि लगभग एक साल पहले उसने पीड़ित अमान चौधरी को 15.35 लाख रुपए उधार दिए थे। बार-बार मांगने पर भी अमान ने पैसे नहीं लौटाए, जिसके कारण आरोपी की बहन की शादी टूट गई। इस बात से आसिफ बेहद नाराज था।
कुछ दिन पहले आसिफ को अमान चौधरी के देहरादून आने की जानकारी मिली। उसे सबक सिखाने की नीयत से आसिफ ने अपने अन्य साथियों शुभम सती और शाहरुख हुसैन (और एक अन्य आरोपी सोहेल अभी फरार है) से संपर्क किया। चारों ने अमान चौधरी की तलाश की। रात में जब अमान चौधरी अपनी थार गाड़ी से सिनोला तिराहे की तरफ जा रहे थे, तभी आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और शुभम सती ने अपने पास रखी पिस्टल से उन पर फायर कर दिया था।