‘पुलिस कृप्या मदद करें!’—जनसभा में भगदड़ मचने के बाद एक्टर विजय की चीख; 39 की मौत, दर्दनाक हादसा

तमिल सुपरस्टार और राजनेता विजय की नई पार्टी तमिलागा वेंट्री कझगम (TVK) की जनसभा में हुई भगदड़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना करूर में हुई, जहां विजय को देखने के लिए लाखों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। इस दर्दनाक हादसे में सौ से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, जनसभा के बीच 9 साल की बच्ची के लापता होने के कारण स्थिति अराजक हो गई। बच्ची को ढूंढने की हड़बड़ी में भगदड़ मच गई और भीड़ नियंत्रण से बाहर हो गई। अव्यवस्था के दौरान TVK प्रमुख विजय को मंच से चिल्लाते हुए सुना गया, “पुलिस कृपया मदद करें“। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अंततः लाठीचार्ज करना पड़ा। घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा, “करूर में राजनीतिक सभा के दौरान यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना दुखद है। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएँ हैं।”

हादसे से गहरे सदमे में आए विजय ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर अपनी भावनाएं व्यक्त की। उन्होंने लिखा, “दिल दहला देने वाली घटना… मैं ऐसे असहनीय, अवर्णनीय दर्द और दुख में हूँ जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। करूर में जान गंवाने वाले मेरे प्यारे भाइयों और बहनों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना और सहानुभूति है।”

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने दुख व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। जानकारी है कि वह आज, रविवार को दुर्घटनास्थल का दौरा करेंगे।

दुर्घटना के बाद तमिलनाडु सरकार ने मुआवजे का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये और अस्पताल में भर्ती प्रत्येक घायल व्यक्ति को 1 लाख रुपये दिए जाएंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *