नवादा में सनसनीखेज हत्याकांड,’चर्चित महिला डॉक्टर के नाती युवा उद्योगपति की गला रेतकर हत्या, फैक्ट्री में मिला शव
मध्य प्रदेश के नवादा शहर का बिहार औद्योगिक क्षेत्र (BIAda) परिसर शनिवार को उस वक्त स्तब्ध रह गया, जब एक दवा फैक्ट्री के कमरे से एक युवा उद्योगपति का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मृतक की गला रेतकर निर्मम हत्या की गई थी। इस जघन्य वारदात ने नवादा के उद्योग जगत और चिकित्सक संघ को झकझोर कर रख दिया है।
मृतक की पहचान पुष्पांशु शंकर (२१ वर्ष) के रूप में हुई है, जो नवादा की चर्चित महिला चिकित्सक और पूर्व सिविल सर्जन डॉ. अरुंधति के नाती थे।
शव के पास मिली ग्राइंडर मशीन जानकारी के अनुसार, पुष्पांशु शंकर शनिवार सुबह करीब १० बजे प्रसाद बिगहा स्थित अपने घर से बियाडा परिसर में स्थित अपनी पारिवारिक दवा फैक्ट्री गए थे। दोपहर तक घर न लौटने और मोबाइल बंद मिलने पर परिजनों की चिंता बढ़ी। फैक्ट्री स्टाफ ने दरवाजा अंदर से बंद पाया। किसी तरह बगल के मकान से चढ़कर कमरे में प्रवेश किया गया, तो अंदर का दृश्य भयानक था। पुष्पांशु का शव रक्त रंजित हालत में पड़ा था और हत्या इतनी निर्मम थी कि उनका गला पूरी तरह रेता गया था। शव के पास ही एक ग्राइंडर मशीन (Grinder Machine) भी रखी मिली, जिससे पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है।
‘कोई निजी दुश्मनी नहीं थी’ पुष्पांशु शंकर, इंजीनियर प्रेम शंकर सिंह के नाती थे और अपने नाना-नानी के साथ रहकर अपने पिता रविरंजन कुमार उर्फ बबलू की दवा फैक्ट्री के संचालन में सहयोग कर रहे थे। वह हाल ही में पारिवारिक कारोबार से जुड़े थे।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि पुष्पांशु की किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं थी, जिससे यह हत्याकांड और भी रहस्यमय हो गया है। पुलिस अब व्यवसायिक रंजिश, व्यक्तिगत विवाद या किसी अन्य अज्ञात कारण को लेकर हर सवाल का जवाब तलाश रही है।
पुलिस का आश्वासन घटना की सूचना पर नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार और सदर एसडीपीओ-वन हुलास कुमार तुरंत फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीपीओ हुलास कुमार ने मीडिया को बताया कि प्रथम दृष्टया यह गला काटकर हत्या का मामला है और हर पहलू पर गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि षड्यंत्रकारियों को जल्द ही बेनकाब कर गिरफ्तार किया जाएगा।