BJP का बड़ा फैसला, नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐलान बिहार चुनाव के बाद, संगठनात्मक संतुलन साधने में जुटी पार्टी

भारतीय जनता पार्टी (BJP) में लंबे समय से संगठनात्मक बदलाव और पार्टी अध्यक्ष पद को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। अब खबर है कि बीजेपी नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का ऐलान बिहार विधानसभा चुनाव के बाद ही करेगी।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि संगठन की रणनीति और आगामी चुनावी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले प्रदेशों में संगठन स्तर के चुनाव को पूरा किया जाएगा, ताकि संगठनात्मक स्थिरता बनी रहे।

अध्यक्ष पद के चुनाव में देरी की वजह पार्टी हाईकमान का मानना है कि बीजेपी फिलहाल बिहार चुनाव को लेकर पूरी तरह एक्टिव मोड में है और अभी पूरा जोर बिहार में लगाने की जरूरत है। इसके बाद नए अध्यक्ष का चुनाव संपन्न किया जाएगा। इसके बाद बंगाल और उत्तर प्रदेश पर फोकस करना पार्टी और संघ दोनों की प्राथमिकता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संघ और पार्टी नेताओं का मानना है कि इस समय अध्यक्ष बदलने से संगठनात्मक संतुलन बिगड़ सकता है और नए अध्यक्ष के लिए भी आनन-फानन में जिम्मेदारी उठाना मुश्किल होगा। इसलिए चुनाव निपटने के बाद ही नए अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से यह दावा किया जा रहा है कि संघ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नए अध्यक्ष के नाम को लेकर लगभग सहमति बन गई है।

अध्यक्ष पद के लिए चर्चा में चल रहे नाम मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल लोकसभा चुनाव के बाद ही खत्म होने वाला था, जिसे प्रक्रिया में देरी के चलते बढ़ाया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, इस पद के लिए कई नामों की चर्चा चल रही है। कहा जा रहा है कि अमित शाह की पसंद धर्मेंद्र प्रधान हैं, हालांकि उनके नाम पर अभी सहमति नहीं बन सकी है। चर्चा में दो पूर्व मुख्यमंत्रियों (शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर), एक राज्यसभा सांसद और महिला अध्यक्ष जैसे नामों की भी अटकलें हैं। ऐसी चर्चा है कि शिवराज सिंह चौहान या मनोहर लाल खट्टर दोनों संघ की पसंद हैं। प्रखर वक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशू त्रिवेदी का नाम भी रेस में बताया जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *