‘बर्दाश्त नहीं की जाएगी अवैध गतिविधि’ DFO ने तस्करों को दी चेतावनी, कोरिया के जंगलों में बढ़ाई गई निगरानी

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत वन क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सोनहत और देवगढ़ वन परिक्षेत्र की संयुक्त टीम ने अवैध लोध छाल (Lodha Bark) परिवहन करते एक पिकअप वाहन को पकड़ा है। वाहन से ४६ बोरी लोध छाल बरामद हुई है, जिसकी कीमत लाखों में आंकी गई है।

रात में घेराबंदी, ४६ बोरी लोध छाल जब्त वन विभाग की टीम ने बीती रात छेंगुरा के पास एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच में वाहन से भारी मात्रा में ४६ बोरी लोध छाल जब्त की गई। वन विभाग ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेते हुए अवैध सामान सहित जब्ती बना ली है और अब विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि कोरिया के आस-पास के घने जंगलों में वन तस्कर गिरोह सक्रिय है।

डीएफओ की कड़ी चेतावनी डीएफओ चंद्र शेखर सिंह परदेशी ने कहा है कि वन विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है और वन संपदा की निगरानी का काम भी पूरी चौकसी के साथ किया जा रहा है। उन्होंने तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा, “हम किसी भी कीमत पर जंगल से तस्करी नहीं होने देंगे। अवैध गतिविधियों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

वन विभाग अब जब्त किए गए वाहन और लोध छाल के संबंध में आगे की जांच कर रहा है। आरटीओ (RTO) डिपार्टमेंट से यह पता किया जा रहा है कि यह वाहन किसका है और अवैध लोध छाल कहां से लाई जा रही थी। ज्यादातर मामलों में स्थानीय लोग ही इस तस्करी में शामिल रहते हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध गतिविधियों में शामिल न हों और वन संपदा की सुरक्षा में सहयोग करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *