शादी की खुशियां मातम में बदली, ‘बालाघाट में NH पर भीषण टक्कर, सिर के बल गिरी गर्भवती दीपा की मौके पर मौत

रविवार सुबह गोंदिया नेशनल हाईवे पर ग्राम एकोड़ी और डोंगरिया के बीच एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक पांच महीने की गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में महिला के पति और दो वर्षीय बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। शादी के कार्यक्रम से लौट रहे इस परिवार पर आए इस अचानक संकट से इलाके में मातम पसर गया है।

शादी से लौटते समय हुआ हादसा:

जानकारी के अनुसार, गोंदिया जिले के कटंगीकला निवासी अजय मुसकुसरे अपनी पांच महीने की गर्भवती पत्नी दीपा मुसकुसरे और दो वर्षीय बेटे हार्दिक के साथ मोटरसाइकिल से अपने ससुराल बिरसोला (लालबर्रा) में एक शादी की तैयारियों में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम एकोड़ी और डोंगरिया के बीच अजय की मोटरसाइकिल सड़क के बीचों-बीच खड़ी एक कार (क्रमांक CG 04 QJ 7049) से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अजय, दीपा और हार्दिक तीनों सड़क पर गिर पड़े। दीपा सिर के बल गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

पति का आरोप: कार चालक की लापरवाही से गई जान

दुर्घटना के तुरंत बाद दीपा को जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति अजय मुसकुसरे और बच्चा हार्दिक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।

मृतका के पति अजय ने बताया कि हादसे के समय कार चालक ने गाड़ी को राष्ट्रीय राजमार्ग के बीचों-बीच खड़ा कर रखा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने कार चालक को गाड़ी किनारे लगाने के लिए कहा भी था, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी, जिसकी वजह से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकराई और उनकी गर्भवती पत्नी की जान चली गई।

पुलिस ने इस मामले में सड़क दुर्घटना का केस दर्ज कर लिया है और आरोपी कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *