पांडुरंगा, ‘7 साल के मासूम को बेलन से पीट-पीटकर मारा मां ने! चिकन मांगा तो हुई हैवानियत, जानकर कांप उठेगी रूह

महाराष्ट्र के पालघर में एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खाने में चिकन मांगने पर एक 7 वर्षीय मासूम को उसकी ही मां ने पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है।

यह घटना पालघर के घोड़िला कॉम्प्लेक्स की है। आरोपी महिला अपने पति से अलग होकर अपने दो बच्चों और दो बहनों के साथ रहती थी। पुलिस के मुताबिक, 7 साल के बच्चे ने रात के खाने में चिकन मांगा, जिस पर मां गुस्से में इतनी आगबबूला हो गई कि उसने रोटी बेलने वाले बेलन से बच्चे के सिर और शरीर पर कई वार किए।

इलाज के अभाव में घर पर ही मौत:

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के बावजूद आरोपी मां ने बच्चे को अस्पताल नहीं पहुंचाया। बच्चे की हालत बिगड़ती गई और देर रात उसने घर पर ही दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों को संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल बेलन को सबूत के तौर पर जब्त कर लिया है।

पुलिस जांच में पता चला कि मृतक बच्चे की 10 वर्षीय बहन बेहद डरी और सहमी हुई थी, जिसे पुलिस ने तुरंत सुरक्षा के लिए आश्रम भेज दिया है। आरोपी महिला ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। हालांकि, स्थानीय लोगों का मानना है कि इस घटना के पीछे कोई और वजह भी हो सकती है। मामले की पूरी सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद सामने आएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *