भारत-पाक फाइनल से पहले बड़ा ऐलान! ACC ने एशिया कप की प्राइज मनी में की डेढ़ गुना बढ़ोतरी, विजेता टीम को मिलेंगे करोड़ों

एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) ने एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के 17वें संस्करण की पुरस्कार राशि में लगभग डेढ़ गुना (1.5 गुना) बढ़ोतरी कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत और पाकिस्तान के बीच आज ही खेले जाने वाले मौजूदा संस्करण की विजेता टीम को तीन लाख यूएस डॉलर (लगभग 2.6 करोड़ रुपये) प्रदान किए जाएंगे, जबकि उपविजेता टीम को डेढ़ लाख डॉलर की राशि मिलने की उम्मीद है। 2023 एशिया कप जीतने पर भारत को 2,00,000 डॉलर मिले थे। हालांकि, ACC की ओर से इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।


इतिहास में पहली बार भारत-पाक फाइनल

यह टूर्नामेंट के 41 वर्षों के इतिहास में पहली बार है जब चिर प्रतिद्वंद्वी टीमें भारत और पाकिस्तान फाइनल में आमने-सामने हैं। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार रात 8 बजे यह महामुकाबला शुरू होगा। दिलचस्प बात यह है कि दोनों टीमें मौजूदा संस्करण में 15 दिनों के भीतर तीसरी बार एक-दूसरे से भिड़ रही हैं। इससे पहले, 14 सितंबर को लीग ग्रुप ए में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था और फिर 21 सितंबर को सुपर 4 मुकाबले में भी पाकिस्तान छह विकेट से पराजित हुआ था।

खिलाड़ियों को मिलने वाले अवॉर्ड्स:

पिछले एशिया कप के फाइनल में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने मोहम्मद सिराज को 4 लाख 15 हजार रुपये मिले थे। वहीं, कुलदीप यादव ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ बने थे और प्राइज मनी के रूप में करीब साढ़े 12 लाख रुपये जीते थे। इस बार अभिषेक शर्मा के साथ कुलदीप यादव भी ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ बनने की दौड़ में हैं। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी को इस अवॉर्ड का दावेदार माना जा रहा है।

एशिया कप में भारत का दबदबा:

एशिया कप के इतिहास में भारत सर्वाधिक सफल देश रहा है और उसने अब तक आठ बार खिताब जीता है। दूसरी सबसे सफल टीम श्रीलंका छह बार चैम्पियन रही है, जबकि पाकिस्तान ने अब तक दो बार यह खिताब जीता है। पिछला एशिया कप भारत ने जीता था, जब उसने श्रीलंका को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। वह एशिया कप इतिहास का सबसे एकतरफा फाइनल था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *