शारदीय नवरात्र की सौगात! दुग्ध उत्पादकों के लिए ₹16 करोड़ जारी, अप्रैल से अगस्त 2025 तक का बकाया भुगतान

शारदीय नवरात्रि के उत्सवी माहौल में झारखंड के दुग्ध उत्पादकों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने घोषणा की है कि झारखंड मिल्क फेडरेशन राज्य के करीब 60 हजार दुग्ध उत्पादकों को दुर्गा पूजा के दौरान ही प्रोत्साहन राशि की सौगात देने जा रहा है।

कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने जानकारी देते हुए बताया है कि अप्रैल 2025 से अगस्त 2025 तक की बकाया प्रोत्साहन राशि को विभाग के द्वारा निर्गत कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि विभाग ने दुग्ध उत्पादकों को दिए जाने वाले प्रति लीटर 5 रुपये की प्रोत्साहन राशि के मद में 16 करोड़ रुपया जारी किया है। अब इस राशि को दुग्ध उत्पादकों के बैंक खातों में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रतिदिन 2.53 लाख लीटर दूध का संग्रह:

झारखंड मिल्क फेडरेशन वर्तमान समय में प्रतिदिन करीब 2.53 लाख लीटर दूध संग्रहित कर रहा है, और इससे करीब 60 हजार पशुपालक जुड़े हुए हैं। राज्य में दूध संग्रहण की लगातार बढ़ती क्षमता यह दर्शाती है कि झारखंड श्वेत क्रांति (White Revolution) की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाएं राज्य के “दूध उत्पादकों” को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के साथ-साथ उन्हें स्वावलंबी बनाने में मददगार साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की यह छोटी सी कोशिश है कि राज्य के पशुपालक खुशहाल रहें और वह भी शारदीय नवरात्र के इस पावन त्योहार को अपने परिवार के साथ खुशी एवं आनंदपूर्वक मनाएं। कृषि मंत्री ने राज्य के सभी अन्नदाता किसानों, पशुपालकों एवं दूध उत्पादकों को शारदीय नवरात्र और दशहरा की शुभकामनाएं भी दीं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *