कोर्ट परिसर में वकील की शर्मनाक हरकत, पीड़िता का हाथ पकड़कर कहा- ‘तुम्हारे साथ गरबा खेलना है’, साथी वकीलों ने कर दी पिटाई
एक प्रकरण की सुनवाई के लिए जिला कोर्ट परिसर में आई पीड़िता से एक वकील ने छेड़छाड़ कर दी। पीड़िता अपने वकील का इंतजार कर रही थी, तभी आरोपित वकील वहां पहुंचा और उसने बुरी नीयत से पीड़िता का हाथ पकड़ लिया और उससे गरबा खेलने की फरमाइश रख दी।
पीड़िता अपना हाथ छुड़ाकर वहां से भागने लगी तो आरोपित ने उसका पीछा भी किया। जब पीड़िता ने यह पूरी घटना अपने वकील को बताई, तो कोर्ट में इसका जबरदस्त विरोध हुआ। इस पर कुछ वकीलों ने एकजुट होकर आरोपित की पिटाई भी कर दी। इस मामले में एमपी नगर थाने में छेड़छाड़ का केस दर्ज किया गया है।
दुष्कर्म पीड़िता से अभद्रता:
एसीपी मनीष भारद्वाज के अनुसार, 22 वर्षीय पीड़िता जहांगीराबाद क्षेत्र में रहती है और भोपाल कोर्ट में उसका दुष्कर्म का प्रकरण लंबित है। वह शनिवार को अपने वकील धनराज राजपूत के केबिन के पास इंतजार कर रही थी।
इसी दौरान असलम अली नामक वकील वहां पहुंचा। उसने पीड़िता का हाथ पकड़ा और आपत्तिजनक तरीके से कहा कि- “तुम्हारे साथ गरबा खेलना है।” वकील की हरकत से आहत होकर पीड़िता ने विरोध किया और भागने लगी, तो आरोपित उसका पीछा करने लगा। पीड़िता द्वारा अपने वकील को घटना की जानकारी देने के बाद हंगामा शुरू हुआ।
दो दिन पहले भी की थी छेड़छाड़:
वकील असलम अली की इस हरकत पर अन्य वकीलों ने भी गुस्सा जताया और कोर्ट में ही उसकी पिटाई की। आरोप है कि दो दिन पहले भी इसी वकील ने पीड़िता से छेड़छाड़ की थी, लेकिन तब पीड़िता ने कोई एक्शन नहीं लिया था। शनिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने वकील असलम अली के खिलाफ छेड़छाड़ (धारा 354) का केस दर्ज कर लिया है।