2030 तक इंसान से ज्यादा स्मार्ट होंगे AI मॉडल, सैम ऑल्टमैन ने किया दावा, कहा- GPT-5 पहले से ही कई लोगों से तेज

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर दुनिया भर में बहस जारी है। हालांकि, तकनीकी दिग्गजों से लेकर आम आदमी तक सबने यह स्वीकार कर लिया है कि एआई अब हमारी जिंदगी का हिस्सा रहेगा। अब इस पर ओपनएआई और चैटजीपीटी (ChatGPT) के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने बड़ा बयान दिया है।

जर्मनी के अखबार ‘डाइ वेल्ट’ को दिए एक इंटरव्यू में उनका कहना है कि एआई तकनीक इतनी तेजी से आगे बढ़ रहा है कि आने वाले समय में हमारे 40 फीसदी काम यही करेगा। सैम ऑल्टमैन ने कहा कि टेक्नोलॉजी की प्रगति के साथ ‘सुपर इंटेलिजेंस’ का दौर आ चुका है। यह इंसानों द्वारा किए जाने वाले लगभग 40% कामों की जगह ले सकता है। यानी आने वाले वर्षों में काम करने का तरीका पूरी तरह बदल सकता है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इसका असर कुछ क्षेत्रों में नौकरी पर भी पड़ेगा।

2030 तक AI इंसानों से कहीं ज्यादा स्मार्ट:

ऑल्टमैन ने कहा कि आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (AGI) इस दशक के अंत तक हकीकत बन सकता है। उन्होंने यहां तक दावा किया कि जीपीटी-5 (GPT-5) पहले से ही उनसे और बहुत से लोगों से ज्यादा स्मार्ट है। उनका अनुमान है कि 2030 तक हमारे पास ऐसे मॉडल होंगे जो इंसानों से कहीं ज्यादा असाधारण क्षमताएं दिखाएंगे और ऐसे काम कर सकेंगे जो हम खुद नहीं कर पाते।

जब ऑल्टमैन से पूछा गया कि AI कितनी नौकरियों को खत्म कर देगा, तो उन्होंने कहा, “ये नौकरियों की संख्या से ज्यादा कामों की संख्या का मुद्दा है। मैं आसानी से एक ऐसी दुनिया की कल्पना कर सकता हूं, जहां आज के 30-40% काम AI कर रहा होगा।”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *