रीवा में भड़की हिंसा की आशंका! ‘धार्मिक भावनाएँ आहत’, VHP की कड़ी चेतावनी—गोमांस सप्लाई की भी जाँच
सड़क पर मिला गाय का कटा सिर, आक्रोशित लोगों का चक्का जाम; पुलिस ने दो को हिरासत में लिया
मध्य प्रदेश के रीवा जिले के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मण बाग मोहल्ले में शनिवार (27 सितंबर 2025) देर रात एक स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई है। मोहल्ले की मुख्य सड़क पर गाय का कटा हुआ सिर मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सुबह होते ही घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर सिर रखकर चक्का जाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की माँग उठाई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि 27 सितंबर की रात दो अज्ञात व्यक्ति इलाके में ‘रेकी’ करते दिखाई दिए थे।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि वे संदिग्ध रात में मोहल्ले के आस-पास घूमते हुए देखे गए थे, जिसके बाद सुबह मोहल्ले में घूमने वाली एक गाय लापता मिली और बाद में उसका कटा हुआ सिर सड़क पर मिला। लोगों ने दावा किया कि इलाके में पहले भी ऐसी घटनाएँ हुई हैं, इसलिए वे पहले से ही सतर्क थे। सीसीटीवी फुटेज की जाँच में कुछ अज्ञात शख्स संदिग्ध लगे, और एक फुटेज में तो गाय संदिग्धों से डरकर भागती हुई भी नजर आ रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। एफआईआर कॉपी के अनुसार, घटना वाले दिन ही अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 196(2), 299 और 365, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1) और मध्य प्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध नियम 2004 की धारा 6/9 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
रीवा के मुख्य पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक ने मौके का जायजा लिया और लोगों को दोषियों के खिलाफ कड़ी और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
बिछिया थाने की एसएचओ मनिधा उपाध्याय ने बताया कि पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही है। इस बीच, पुलिस ने मामले में मोहम्मद इस्माइल और एक नाबालिग सहित दो लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और सहयोग करने की अपील की है।
वहीं, विश्व हिंदू परिषद (VHP) के स्थानीय नेता बालकृष्ण द्विवेदी ने चेतावनी दी है कि, “हमारी धार्मिक भावनाएँ आहत हुई हैं। अगर प्रशासन ने आरोपितों को जल्दी गिरफ्तार नहीं किया तो बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।” घटना के बाद एक स्थानीय महिला अकबरी बेगम ने खुलासा किया कि उनकी झोपड़ियों तक 100-200 रुपए में गोमांस पहुँचाया जाता है। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं पर गंभीरता से जाँच कर रही है।