ट्रंप को तगड़ा झटका, साउथ कोरिया ने $350 अरब नकद देने से साफ इनकार किया, कहा- ‘हमारी क्षमता से बाहर’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के टैरिफ फैसलों से दुनिया की कंपनियों में हलचल मची हुई है, लेकिन साउथ कोरिया ने खुद ट्रम्प को एक बड़ा झटका दिया है। साउथ कोरिया ने अमेरिका को टैरिफ कम करने के बदले में 350 अरब डॉलर नकद (Cash) देने से साफ इनकार कर दिया है। सियोल प्रशासन ने ट्रम्प की इस अप्रत्याशित माँग को ‘नामुमकिन’ बताया है।

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार वाई सुंग-लाक ने शनिवार को स्पष्ट किया कि उनकी यह स्थिति कोई बातचीत की रणनीति नहीं, बल्कि एक हकीकत है। उन्होंने कहा, “हम 350 अरब डॉलर कैश में नहीं दे सकते, यह हमारी क्षमता से बाहर है।”

जुलाई में दोनों देशों के नेताओं के बीच एक समझौता हुआ था कि अमेरिका दक्षिण कोरियाई सामानों पर टैरिफ को 25% से घटाकर 15% कर देगा। बदले में, सियोल ने अमेरिकी परियोजनाओं में ऋण, ऋण गारंटी और इक्विटी के रूप में $350 बिलियन निवेश करने का वादा किया था। हालाँकि, ट्रम्प ने हाल ही में दावा किया कि यह भुगतान ‘अग्रिम’ में किया जाएगा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

वाशिंगटन चाहता है कि दक्षिण कोरिया इस फंड पर सीधा नियंत्रण उसे दे, लेकिन सियोल इस शर्त को मानने के लिए तैयार नहीं है, जिसके कारण बातचीत अटक गई है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, वाई सुंग-लाक ने कहा कि सियोल अब विकल्पों पर विचार कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि दक्षिण कोरिया अगले महीने होने वाले एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) समूह के शिखर सम्मेलन पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, जहाँ वाशिंगटन के साथ व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की उम्मीद है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *