विश्व बेटी दिवस पर दरिंदगी! नाबालिग माँ ने नवजात का गला घोंटकर मारने की कोशिश की, कचरे पर गिरकर बची बच्ची

रविवार को जिला अस्पताल परिसर में एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया। अस्पताल के वॉशरूम के भीतर एक नाबालिग लड़की ने एक बच्ची को जन्म दिया। लोक-लज्जा के डर से, माँ ने पहले नवजात का गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। जब वह सफल नहीं हुई, तो उसने बच्ची को अस्पताल की पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया।

गनीमत रही कि नवजात बच्ची नीचे पड़े कचरे के ढेर पर गिरी, जिससे उसकी जान बच गई। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर अस्पताल के कर्मचारी मौके पर पहुँचे और तुरंत उसे अंदर ले गए।

हत्या के प्रयास में नवजात के गले में गहरा कट लग गया था, जिस पर डॉक्टरों ने पांच टाँके लगाए हैं। फिलहाल बच्ची को स्वस्थ बताया गया है और उसे एनएनसीयू (NNCU) में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। विश्व बेटी दिवस के दिन हुई इस घटना को देखकर और सुनकर अस्पताल परिसर में मौजूद हर कोई सन्न रह गया।

पुलिस कर रही माँ और आरोपित की तलाश:

अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर लालबाग थाना प्रभारी अमित जादौन मौके पर पहुँचे। उन्होंने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं और भर्ती मरीजों तथा उनके रिश्तेदारों से पूछताछ की है। हालाँकि, शाम तक बच्ची की माँ की पहचान उजागर नहीं की जा सकी।

थाना प्रभारी का कहना है कि नवजात की माँ को तलाश कर पूछताछ की जाएगी कि किन कारणों से उसने यह कदम उठाया। इसके साथ ही, नाबालिग को गर्भवती बनाने वाले युवक की तलाश भी की जा रही है। पूरे मामले की तस्वीर साफ होने के बाद आरोपित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *