तमिलनाडु, ‘अभिनेता विजय की TVK रैली में भगदड़ से बड़ा हादसा, 40 लोगों की मौत, प्रशासन की विफलता पर उठे सवाल

तमिलनाडु के करूर जिले में अभिनेता से राजनेता बने जोसेफ विजय चंद्रशेखर (Vijay) की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) की राजनीतिक रैली के दौरान भगदड़ मच गई। इस भीषण हादसे में अब तक कम से कम 40 लोगों की जान चली गई है और करीब 140 लोग घायल हैं। शनिवार रात अस्पताल ले जाए जाने तक 36 लोगों की मौत हो चुकी थी, और बाद में चार और लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में 9 बच्चे भी शामिल हैं।

यह दुखद घटना शनिवार (27 सितंबर 2025) को हुई। अनुमान के मुताबिक, TVK प्रमुख विजय की रैली में 30 हजार से अधिक समर्थक शामिल हुए थे। अचानक भीड़ में अफरा-तफरी मच गई, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। राज्य सरकार ने इस मामले में जाँच के आदेश दे दिए हैं।


विपक्षी दलों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

इस हादसे के बाद विपक्षी दलों ने इसे प्रशासन की घोर विफलता करार दिया है। तमिलनाडु में बीजेपी के प्रमुख नेता के. अन्नामलाई ने रविवार को अस्पताल में जाकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने इस घटना को बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए स्थानीय प्रशासन और DMK सरकार पर सुरक्षा व्यवस्था में घोर लापरवाही का आरोप लगाया।

अन्नामलाई ने उठाए सवाल:

अस्पताल पहुंचने पर अन्नामलाई ने घायलों से बात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “यह एक बेहद दुखद घटना है। 40 निर्दोष लोगों की जान चली गई, जो तमिलनाडु के इतिहास में किसी राजनीतिक रैली में पहले कभी नहीं हुआ। यह पूरी तरह स्थानीय प्रशासन की गलती है।”

उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सीधे सवाल उठाते हुए कहा:

  • “सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, लेकिन कल वह इसमें पूरी तरह विफल रही।”
  • “रैली में 30 हजार लोग थे, लेकिन केवल 500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, जिनमें से 400 तकनीकी स्टाफ थे। ऐसी स्थिति में लोगों की सुरक्षा की कैसे उम्मीद की जा सकती है?”

अन्नामलाई ने DMK सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था की पुरानी समस्या है और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने और घटना की निष्पक्ष जाँच कराने की मांग की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *