स्टंट किया तो सीधे जेल! 15 युवकों की गिरफ्तारी के बाद रायपुर पुलिस की खुली चेतावनी, लाइसेंस भी होगा रद्द

यातायात नियमों की अनदेखी कर कार से जानलेवा स्टंट करने वाले 15 युवाओं पर रायपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। 27 और 28 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक तेज रफ्तार से लग्जरी गाड़ियों को लापरवाही से चलाते और सनरूफ तथा खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट करते दिखाई दिए। रायपुर पुलिस ने इस वीडियो को गंभीरता से लिया और अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।


सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान

रायपुर के एसएसपी लाल उमेेद सिंह ने ईटीवी भारत को बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आईटीएमएस से सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच में पता चला कि ये स्टंट कटोरा तालाब से पंचशील नगर, तेलीबांधा होते हुए महासमुंद रोड हाईवे की ओर किए गए थे। पुलिस ने गाड़ियों के नंबर ट्रेस किए और आरोपियों की पहचान की।

एसएसपी के अनुसार, स्टंट करने वालों में वागेश गंधर्व, मोहित परिहार, हर्ष बिजौरिया, अभिषेक साहू, अभिनव देवांगन, रोशन गवली, राहुल गवली सहित कई अन्य युवक शामिल थे। स्टंट में इस्तेमाल हुई लग्जरी गाड़ियों के नंबर CG 04 ND 4931, CG 04 PE 7703, CG 04 PL 1111, CG 04 QJ 9876, CG 14 MB 5555 और CG 04 PD 7886 थे।

गलत ड्राइविंग, हादसे को न्यौता

पुलिस ने आरोप लगाया है कि सभी युवकों ने सार्वजनिक मार्ग पर उतावलेपन और खतरनाक तरीके से वाहन चलाए, जिससे दूसरों की जान को खतरा हुआ। यह यातायात नियमों का खुला उल्लंघन है।

इस मामले में अपराध क्रमांक 470/2025 दर्ज किया गया है। आरोपियों पर धारा 281 बीएनएस, 184, 122/177, 179(1), 194(बी)(1) मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। 15 युवकों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके खिलाफ प्रतिबंधक कार्रवाई की गई है। एसएसपी लाल उमेद सिंह ने यह भी बताया कि संबंधित वाहनों के चालकों का लाइसेंस रद्द करने के लिए आरटीओ कार्यालय को सिफारिश भेज दी गई है।

एसएसपी ने साफ चेतावनी दी है कि सड़क पर स्टंटबाजी और लापरवाह ड्राइविंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसा करने वालों पर सख्त एक्शन होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *