जुबिन गर्ग के पूर्व इवेंट मैनेजर श्यामकानु महंत के खिलाफ CID का एक्शन, फर्जी पैन कार्ड और बेनामी संपत्ति के कागजात जब्त
असम के प्रभावशाली इवेंट मैनेजर श्यामकानु महंत के खिलाफ वित्तीय अपराध, धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर आरोप सामने आने के बाद सीआईडी (CID) ने जांच शुरू कर दी है। वह लोकप्रिय गायक जुबिन गर्ग के कई इवेंट से जुड़े रहे हैं। सीआईडी ने दो दिनों तक उनके घर पर लगातार छापेमारी की, जिसमें कई चौंकाने वाले दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
CID सूत्रों के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार को श्यामकानु के गुवाहाटी स्थित आवास पर गहन तलाशी ली गई। इस दौरान एक ही कंपनी के नाम पर बने कई पैन कार्ड, विभिन्न सरकारी अधिकारियों के लगभग 30 स्टाम्प सील और कई बेनामी संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। जासूसों का प्रारंभिक अनुमान है कि ये सभी जब्त दस्तावेज फर्जी हैं।
तलाशी के बाद, सीआईडी के सीनियर पुलिस अधीक्षक आसिफ अहमद ने श्यामकानु महंत के खिलाफ एक विस्तृत FIR दर्ज की है। एफआईआर में उल्लेख है कि ‘असंख्य पैन कार्ड और बड़ी संख्या में फर्जी सीलों की मौजूदगी एक साजिश और संगठित वित्तीय अपराध का संकेत देती है।’ एफआईआर में महंत की सभी संपत्तियों को जब्त करने और उनके खिलाफ अलग से जांच करने का भी अनुरोध किया गया है।
सीआईडी ने यह भी बताया कि महंत के आवास और कार्यालय से असम और अरुणाचल प्रदेश में पीएमजीएसवाई (PMGSY) सड़क निर्माण परियोजना से संबंधित कई दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। इन दस्तावेजों की सत्यता की जांच की जा रही है।
बता दें कि श्यामकानु महंत असम के एक प्रभावशाली परिवार से आते हैं। वह असम पुलिस के पूर्व डीजीपी भास्कर ज्योति महंत के छोटे भाई हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने पहले ही सोशल मीडिया पर घोषणा कर दी थी कि राज्य सरकार श्यामकानु महंत और उनकी किसी भी संस्था को असम में किसी भी तरह के इवेंट या फेस्टिवल आयोजित करने से प्रतिबंधित करती है।