कीव पर रूस का सबसे बड़ा ड्रोन हमला, 4 नागरिकों की मौत; 12 साल की बच्ची भी शिकार, भड़के जेलेंस्की

रूस ने एक बार फिर यूक्रेन की राजधानी कीव को निशाना बनाते हुए बड़ा ड्रोन हमला किया है, जिसमें 4 नागरिकों की मौत हो गई है और 10 से अधिक घायल हुए हैं। मरने वालों में 12 साल की एक बच्ची भी शामिल है। यह पिछले महीने के बाद कीव पर रूस का सबसे भीषण हमला बताया जा रहा है।

कीव शहर के प्रशासक तिमुर ताचेंको ने आरोप लगाया कि रूस ने जानबूझकर भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाया। हमले के बाद सिटी सेंटर के पास से काला धुआं उठता देखा गया। यूक्रेनी वायु सेना के अनुसार, रूस ने आज 595 विस्फोटक ड्रोन और 48 मिसाइल दागे थे। हालांकि, यूक्रेन की रक्षा प्रणाली ने 566 ड्रोन और 45 मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोक दिया।

यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने इस हमले पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा सप्ताह की समाप्ति के बाद किया गया यह हमला मास्को का ‘असली चेहरा’ दिखाता है, जिससे स्पष्ट है कि रूस इस खूनी युद्ध को जारी रखना चाहता है। जेलेंस्की ने विश्व से इस युद्ध को रोकने के लिए रूस पर दबाव बनाने का आग्रह किया।

कीव प्रशासन ने बताया कि इस हमले में अस्पताल और किंडरगार्टन स्कूल सहित राजधानी के लगभग 20 स्थान क्षतिग्रस्त हुए हैं। यूक्रेन ने यह भी कहा कि कीव के अलावा देश के अन्य हिस्सों को भी निशाना बनाया गया, जिससे देशभर में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

रूस के इस हमले के बाद यूक्रेन भी चुप बैठने को तैयार नहीं है। यूक्रेनी विदेश मंत्री आंद्रे साइबा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि “रूस पर हमले और बढ़ाने होंगे।” यह घटना स्पष्ट संकेत देती है कि दोनों देशों के बीच तनाव कम होने की बजाय और बढ़ने वाला है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *