लगातार हार से पाकिस्तान के दिग्गज निराश! अकरम ने हारिस रऊफ को दी कड़ी चेतावनी, कहा- प्रेशर झेलने की कमी है
एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से करारी शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम की। इस हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी अपनी टीम की तैयारियों और प्रदर्शन पर सवाल उठा रहे हैं। पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम (Wasim Akram) फाइनल में टीम के खेल से बेहद निराश दिखे और उन्होंने तेज गेंदबाज हारिस रऊफ (Haris Rauf) पर जमकर भड़ास निकाली।
इस मैच में हारिस रऊफ ने सिर्फ 3.5 ओवर में 50 रन दिए और वह काफी महंगे साबित हुए।
वसीम अकरम ने क्या कहा?
मैच के बाद आधिकारिक ब्रॉडकास्ट से बातचीत में वसीम अकरम ने हारिस रऊफ की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, “दुर्भाग्य से, वह एक गेंदबाज की बजाय रन मशीन साबित हो रहे हैं, खासकर भारत के खिलाफ। यह सिर्फ मेरी नहीं, पूरे देश की राय है।”
अकरम ने रऊफ के बार-बार निराशाजनक प्रदर्शन के पीछे लाल गेंद (Red Ball) क्रिकेट न खेलने को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, “वह लाल गेंद से क्रिकेट खेलते ही नहीं और अगर ऐसा है तो सुधार की उम्मीद भी नहीं की जा सकती। टीम में ऐसे खिलाड़ी की जगह नहीं होनी चाहिए जो लाल गेंद से खेलना ही न चाहे। कम से कम चार-पांच फर्स्ट क्लास मैच तो खेलने चाहिए।”
अकरम ने आगे कहा कि लाल गेंद से क्रिकेट का अनुभव न होने की वजह से रऊफ में प्रेशर झेलने की क्षमता विकसित नहीं हो पाई है। उन्होंने पीसीबी (PCB) से इस पर गंभीरता से विचार करने का आग्रह किया और कहा, “अगर कोई खिलाड़ी लाल गेंद से खेलना नहीं चाहता, तो फिर उसे टीम को अलविदा कहना चाहिए।”
बता दें कि भारत ने यह मैच जीतकर लगातार तीसरी और कुल नौवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। फाइनल में भारत के तिलक वर्मा ने दबाव के बीच शानदार नाबाद 69 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई।