पत्रकारिता यूनिवर्सिटी का छात्र गिरफ्तार, 3 करोड़ के साइबर फ्रॉड में आया पाक कनेक्शन, NSUI के पूर्व अध्यक्ष पर लगे गंभीर आरोप
मध्य प्रदेश की माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के छात्र और एनएसयूआई (NSUI) के पूर्व अध्यक्ष को साइबर सेल ने साइबर जालसाजी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी अमन कुमार पर अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों के फर्जी बैंक अकाउंट खुलवाने और इन अकाउंट का उपयोग जालसाजी की रकम के लिए करने का आरोप है। इन खातों के जरिए करीब 3 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चला है। मामले के तार पाकिस्तान से भी जुड़ रहे हैं। इस मामले में बीजेपी ने आरोपी के एनएसयूआई से जुड़े होने को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है।
500 रुपये का लालच देकर खुलवाए खाते
साइबर फ्रॉड के मामले में गिरफ्त में आए अमन कुमार पर आरोप है कि उसने भोपाल में पढ़ाई के दौरान जालसाजी के इस धंधे में उतर गया था। पुलिस पूछताछ में पता चला कि भोपाल से सटे ग्रामीण इलाकों में उसने गरीबों को अकाउंट में 500 रुपये आने का लालच दिया और उनके अकाउंट भारतीय डाक भुगतान बैंक (IPPB) में खुलवा दिए। इस तरह अमन ने करीब 250 से ज्यादा अकाउंट खुलवाए। भोपाल के अलावा अमन ने बिहार में भी इसी तरह का फ्रॉड किया।
इन अकाउंट में फ्रॉड की 3 करोड़ रुपये की रकम पहुंची। लोगों को इस फ्रॉड का पता तब चला जब उनके पास पुलिस के नोटिस पहुंचे और अकाउंट फ्रीज करा दिए गए। पूछताछ के बाद पुलिस ने अमन कुमार को धर दबोचा।
पाकिस्तान कनेक्शन आया सामने
बिहार की मोतिहारी पुलिस द्वारा आरोपी से की गई पूछताछ में पता चला है कि अमन कुमार और उसका दोस्त इरशाद एक पाकिस्तानी नागरिक अरशद के संपर्क में थे। पाकिस्तानी अरशद ने अमन को अकाउंट खुलवाने का ऑफर दिया और हर अकाउंट पर 2500 से 5000 रुपये देने को कहा। इसके बाद अमन ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर गांवों के लोगों के अकाउंट खुलवाए थे।
बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इस मामले के सामने आते ही बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता आशीष अग्रवाल (Ashish Usha Agarwal) ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा, “कांग्रेस का हाथ फिर देश विरोधी ताकतों के साथ। कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई का असली चेहरा एक बार फिर सामने आया है। माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के एनएसयूआई इकाई के पूर्व अध्यक्ष अमन कुमार को बिहार पुलिस ने गिरफ्तार किया है।”
उन्होंने आगे कहा कि बिहार पुलिस को उसके मोबाइल से पाकिस्तानी जालसाजों से गहरे संबंधों के पुख्ता सबूत मिले हैं। आशीष अग्रवाल ने सवाल उठाया कि “क्या यही कारण है कि कांग्रेस बार-बार भारत की सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी वीरतापूर्ण कार्रवाइयों पर सवाल उठाती है?”