PM मोदी करेंगे उद्घाटन, राष्ट्रपति मुर्मू हो सकती हैं शामिल! ३५,००० लोगों के लिए लखनऊ में बन रही विश्वस्तरीय टेंट सिटी में क्या है खास?

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (Lucknow), २३ से २९ नवंबर २०२५ तक भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की डायमंड जुबली ग्रैंड फिनाले और १९वीं राष्ट्रीय जम्बूरी (National Jamboree) की मेजबानी करने जा रही है। ६१ साल बाद उत्तर प्रदेश में हो रहे इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए सोमवार को वृंदावन योजना स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में मंत्रोच्चार और पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ भव्य टेंट सिटी का भूमिपूजन किया गया। इस आयोजन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों का परिणाम बताया जा रहा है।

भूमिपूजन समारोह में दिग्गजों की उपस्थिति

भूमिपूजन समारोह में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह शामिल हुए। डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि इस मेगा इवेंट में भारत के ३०,००० स्काउट्स-गाइड्स, २,००० अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागी और ३,००० अधिकारी-कर्मचारी हिस्सा लेंगे, जिससे कुल ३५,००० लोग इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे।

पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, राष्ट्रपति मुर्मू की संभावना

आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी २४ नवंबर को इस विश्वस्तरीय शिविर का उद्घाटन करेंगे। जबकि, समापन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करेगा।

टेंट सिटी में विश्वस्तरीय आकर्षण

लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में बनने वाली इस टेंट सिटी में ३,५०० टेंट, १,६०० शौचालय, २५,००० क्षमता वाला एक अखाड़ा, ६४ रसोई, १०० बिस्तरों वाला अस्पताल और १५ औषधालय होंगे। इसके अलावा, १०० प्रदर्शनी स्टॉल, जम्बूरी बाजार, वैश्विक गांव और साहसिक क्षेत्र भी स्थापित किए जाएंगे। प्रमुख आकर्षणों में दो दिवसीय ड्रोन शो, वायु सेना की वायु अग्निवीर प्रदर्शनी, हैम रेडियो स्टेशन और आईटी हब शामिल हैं। यह पूरा आयोजन हरित और वृत्ताकार अर्थव्यवस्था (Green and Circular Economy) के सिद्धांतों पर आधारित होगा, जिसमें स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

जम्बूरी की थीम: PM मोदी का विजन

जम्बूरी की थीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण पर आधारित है, जिसमें आत्मनिर्भर स्वदेशी भारत, स्वच्छ और विकसित भारत, हरित और सतत भारत, और विकसित युवा-विकसित भारत शामिल हैं। यह आयोजन युवाओं को राष्ट्रीय एकता, वैश्विक भाईचारा और समाजसेवा के लिए प्रेरित करेगा। स्काउटिंग की मूल विधाएं (फर्स्ट एड, गांठें बांधना) और रोबोटिक्स व विज्ञान प्रदर्शनी युवाओं को व्यवहारिक कौशल और तकनीक से जोड़ेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *