SIR लिस्ट से पहले चढ़ा सियासी पारा! चिराग पासवान का तेजस्वी पर बड़ा हमला, कहा- ‘क्या बिहार को ५० साल पीछे ले जाएंगे?’
बिहार में SIR (स्पेशल समरी रिवीजन) का काम पूरा होने और आज अंतिम सूची जारी होने से पहले ही सियासी तापमान चरम पर पहुंच गया है। केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) नेता चिराग पासवान ने इस मुद्दे पर विपक्ष को घेरा।
SIR के काम पर चिराग पासवान ने कहा, “इससे केंद्र सरकार का क्या लेना देना। यह चुनाव आयोग का काम है। विपक्ष इस पर राजनीति करता रहा है। लिस्ट जारी होने के बाद देखते हैं विपक्षी इसपर और कितनी राजनीति करते हैं।”
‘क्या बिहार को ५० साल पीछे ले जाएंगे?’
पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए चिराग पासवान ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को नसीहत दी। उन्होंने कहा, “युवाओं को जाति, धर्म और मजहब में बाटेंगे! बिहार को ५० साल पीछे ले जाएंगे?” तेजस्वी यादव पर दलित, ओबीसी और ईबीसी वोटों की राजनीति करने के सवाल पर चिराग ने करारा जवाब देते हुए कहा, “ईवीसी, ओबीसी और दलित, यह सब नेता प्रतिपक्ष की सोच होगी। मैंने आज तक कभी इस तरह की बातें नहीं सोची हैं, मेरे लिए सिर्फ सभी बिहारी हैं।”
‘विपक्ष घबरा गया है’
प्रशांत किशोर के आरोपों पर चिराग पासवान ने कहा कि आरोप लगाने वाले नेता सक्षम हैं और आरोपों का जवाब दे रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कईयों ने मानहानि का दावा भी किया है। उन्होंने कहा, “ये आरोप लगाते जाएंगे और उनके आरोपों पर जवाब दिया जाता रहेगा। दिल्ली में भी पूर्व सीएम ने आरोप लगाया था, लेकिन उसका कुछ नहीं हुआ था।”
तेजस्वी द्वारा अधिकारियों पर बयान देने और योजनाओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाने के मसले पर चिराग पासवान ने कहा, “विपक्ष घबरा गया है। उनके पास कुछ नहीं है बोलने के लिए। क्योंकि सरकार ने लोगों के लिए इतना काम किया है।”