देहरादून में ‘धार्मिक पोस्ट’ पर बवाल, छात्र की आपत्तिजनक टिप्पणी से भड़की भीड़, ५०० लोगों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज!
उत्तराखंड के देहरादून में सोमवार रात धार्मिक पोस्ट पर एक छात्र की आपत्तिजनक टिप्पणी वायरल होने के बाद अचानक तनाव फैल गया। हालात इतने बिगड़ गए कि करीब ५०० लोगों की आक्रोशित भीड़ सड़कों पर उतर आई, जिसके बाद पुलिस को स्थिति संभालने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपी छात्र की टिप्पणी व्हाट्सऐप और सोशल मीडिया पर तेजी से फैली, जिससे मामला और बिगड़ गया। भीड़ बाजार चौकी के बाहर जमा हो गई और नारेबाजी करने लगी। माहौल गर्म होता देख कई थानों की पुलिस बुलाई गई।
पुलिस ने शुरुआत में प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हुए। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस बल को सख्ती करनी पड़ी और उपद्रवियों को रोकने के लिए लाठीचार्ज किया गया।
लाठीचार्ज के दौरान भगदड़ मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। रात करीब ९ से १० बजे के बीच सड़कें थम गईं और ट्रैफिक लगभग दो घंटे तक रुकता-चलता रहा। गाड़ियों में फंसे लोग परेशान होते रहे और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कॉम्बिंग ऑपरेशन और चौकसी
लाठीचार्ज के बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया और कई घरों में जाकर लोगों को शांति बनाए रखने की सख्त हिदायत दी। रातभर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा और चौकसी बढ़ा दी गई।
मुस्लिम सेवा संगठन ने बयान जारी कर कहा कि धर्म और आस्था का सम्मान सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने अमन-चैन और भाईचारा बनाए रखने की अपील की और कहा कि अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संगठन ने विरोध को कानून के दायरे में रखने और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीओ कंडारी ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है। आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ टिप्पणी या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।