बाबा चैतन्यानंद के फोन से कई लड़कियों के चैट्स बरामद! यौन शोषण मामले में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे!

वसंत कुंज के श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट एंड रिसर्च में यौन शोषण के गंभीर आरोपों से घिरे स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थसारथी की गिरफ्तारी के बाद जांच में एक के बाद एक नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने बाबा को आगरा से गिरफ्तार किया था।

पूछताछ में ‘नो कोऑपरेशन’

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बाबा पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे हैं और लगातार झूठ बोल रहे हैं। पुलिस ने बाबा की दो महिला सहयोगियों को हिरासत में लेकर उनका बाबा से आमना-सामना करवाया है।

जांच में बाबा के मोबाइल फोन से कई लड़कियों के चैट्स मिले हैं, जिनसे पता चलता है कि बाबा लड़कियों को झांसा देकर बहलाने और प्रलोभन देने की कोशिश कर रहा था। इसके अलावा, बाबा के फोन में कई एयरहोस्टेस के साथ खींची गई तस्वीरें और कई लड़कियों के मोबाइल DP के स्क्रीनशॉट्स भी मिले हैं।

फर्जीवाड़े का पर्दाफाश

जांच में बाबा के फर्जीवाड़े का भी खुलासा हुआ है। बाबा ने खुद को संयुक्त राष्ट्र (UN) का प्रतिनिधि बताकर अदालत को भी गुमराह करने की कोशिश की थी। इस मामले में अभी तक १७ छात्राओं ने शिकायत दर्ज कराई है, जिनमें से कई छात्राएं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) से हैं। पुलिस आगे भी बाबा की करतूतों की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।

मामला क्यों बना सुर्खियों में?

राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने इस मामले का खुद संज्ञान लिया है और अधिकारियों से ३ दिन के भीतर स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने अपने बयान में कहा, “खबरों से पता चलता है कि आरोपी ने गलत भाषा का इस्तेमाल किया, अशोभनीय मैसेज भेजे और अनुचित बर्ताव किया। फैकल्टी और स्टाफ पर भी यह आरोप है कि उन्होंने छात्राओं पर उनकी अवैध मांगें मान लेने का दबाव डाला।”

आयोग ने चिंता जताते हुए कहा कि EWS श्रेणी में स्कॉलरशिप पर पढ़ रही ऐसी कमजोर हालात वाली छात्राओं का शोषण होना बेहद गंभीर मामला है। इस बीच, श्रृंगेरी शारदा पीठ ने स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती को निलंबित कर दिया है। डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि दिल्ली पुलिस की टीमें आरोपी को दिल्ली, हरियाणा, यूपी, राजस्थान और उत्तराखंड में तलाश रही थीं। अब सवाल यह है कि उत्पीड़न कब से चल रहा था, क्या स्टाफ को इसकी जानकारी थी, और आरोपी पुलिस जांच के दौरान इतने दिनों तक फरार कैसे रहा?

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *