गाजा में सीजफायर पर ट्रंप का ‘महा प्लान’! PM मोदी ने किया समर्थन, कहा, ‘यह स्थायी शांति का व्यवहार्य मार्ग’!
गाजा में सीजफायर से जुड़े अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपनी प्रतिक्रिया दी है। पीएम मोदी ने उम्मीद जताई है कि राष्ट्रपति ट्रंप के इस प्रस्ताव को सभी पक्षों का समर्थन मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर लिखा, “हम गाजा संघर्ष को समाप्त करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापक योजना का स्वागत करते हैं। यह फिलिस्तीनी और इजरायली लोगों के साथ-साथ व्यापक पश्चिम एशियाई क्षेत्र के लिए दीर्घकालिक और स्थायी शांति, सुरक्षा और विकास का एक व्यवहार्य मार्ग प्रदान करता है। हमें उम्मीद है कि सभी संबंधित पक्ष राष्ट्रपति ट्रंप की पहल पर एकजुट होंगे और संघर्ष को समाप्त करने और शांति सुनिश्चित करने के इस प्रयास का समर्थन करेंगे।”
२० प्वाइंट्स में तैयार हुआ प्लान
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने गाजा में संघर्ष खत्म करने के लिए २० प्वाइंट्स में एक व्यापक योजना तैयार की है। अमेरिकी राष्ट्रपति के इस प्लान को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और मुस्लिम देशों का समर्थन मिल चुका है। अब मिस्र और कतर के मध्यस्थों ने अमेरिकी राष्ट्रपति का यह प्रस्ताव हमास के सामने पेश किया है। हमास ने प्रस्ताव पर किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से पहले इस मामले पर गंभीरता से विचार करने की बात कही है।
नेतन्याहू ने भी दिया समर्थन
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यूएनजीए (UNGA) की बैठक से इतर अरब और मुस्लिम देशों के साथ बैठक के दौरान ही गाजापट्टी में सीजफायर को लेकर अपना प्रस्ताव पेश किया था। अमेरिका ने बाद में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को भी अपनी योजना बताई, जिन्होंने ट्रंप के प्लान का समर्थन किया।
७ अक्टूबर २०२३ को हमास ने इजरायल पर हमला किया था, जिसके बाद से यह संघर्ष जारी है। हमले की दूसरी वर्षगांठ से पहले नेतन्याहू ने भी सीजफायर को लेकर अपनी इच्छा जाहिर की है।