SBI Card यूजर्स ध्यान दें! 1 नवंबर से बदल रहा है फी स्ट्रक्चर, एजुकेशन पेमेंट और वॉलेट लोड पर लगेगा तगड़ा चार्ज
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) Card ने अपने शुल्क ढांचे (फी स्ट्रक्चर) में बदलाव किया है, जो पूरे देश में 1 नवंबर से लागू हो जाएगा। हालांकि यह बढ़ा हुआ शुल्क सभी तरह के खर्चों पर नहीं लगेगा, लेकिन कुछ खास कैटेगरी के खर्चों पर अब ग्राहकों को अतिरिक्त पैसे चुकाने होंगे। यह बदलाव मुख्य रूप से थर्ड पार्टी के माध्यम से शिक्षा संबंधी भुगतान और डिजिटल वॉलेट के उपयोग पर केंद्रित है।
थर्ड पार्टी के माध्यम से एजुकेशन पेमेंट पर लगेगा चार्ज
अगर आप एसबीआई कार्ड का इस्तेमाल करके CRED, Cheq या MobiKwik जैसे थर्ड पार्टी ऐप्स के जरिए एजुकेशन पेमेंट करते हैं, तो आपको 1% का शुल्क देना होगा। सरल भाषा में कहें तो, 1000 रुपये के भुगतान पर आपको 10 रुपये फीस के रूप में चुकाने होंगे।
एसबीआई कार्ड से मिली जानकारी के अनुसार, यह शुल्क मर्चेंट कैटेगरी कोड्स 8211, 8220, 8241, 8244, 8249 और 8299 के अंतर्गत आने वाले थर्ड-पार्टी मर्चेंट को किए गए पेमेंट पर लागू होगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि यदि आप एसबीआई कार्ड का उपयोग करके सीधे स्कूल, कॉलेज या विश्वविद्यालय को भुगतान करते हैं, तो यह शुल्क नहीं लगेगा। बैंक अधिकारियों ने इस पर छूट देने की पुष्टि की है।
वॉलेट डिपॉजिट पर भी देना होगा शुल्क
1 नवंबर से एसबीआई कार्ड का उपयोग करके वॉलेट डिपॉजिट (Wallet Load) करने पर भी ग्राहकों को 1 प्रतिशत से अधिक का शुल्क देना होगा। यह बदलाव उन ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण है जो नियमित रूप से अपने डिजिटल वॉलेट को क्रेडिट कार्ड के माध्यम से लोड करते हैं।
एसबीआई कार्ड के कुछ अन्य महत्वपूर्ण शुल्क
नए शुल्कों के अलावा, एसबीआई कार्ड के ग्राहकों को कुछ अन्य पुराने शुल्कों की जानकारी भी होनी चाहिए:
- कैश पेमेंट चार्ज (Cash Payment Charge): 250 रुपये
- पेमेंट अप्रूवल चार्ज (Payment Approval Charge): 2 प्रतिशत (न्यूनतम 500 रुपये)
- चेक सेटलमेंट शुल्क (Cheque Settlement Fee): 200 रुपये
- डोमेस्टिक एटीएम ट्रांजैक्शन शुल्क (Domestic ATM Transaction Fee): 2.5 प्रतिशत (न्यूनतम 500 रुपये)
- कार्ड बदलने का शुल्क (Card Replacement Fee): 100 से 200 रुपये
- सालाना रखरखाव शुल्क (Annual Maintenance Charge): 1500 रुपये (कुछ चुनिंदा कार्डों के लिए)
चूंकि कई ग्राहक इन मौजूदा शुल्कों से अनजान रहते हैं, इसलिए उन्हें अनावश्यक अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ता है। ग्राहकों को अपने क्रेडिट कार्ड के उपयोग से पहले इन सभी शुल्कों को ध्यान में रखना चाहिए।