त्योहारी सीजन में झटका! घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम स्थिर, कमर्शियल गैस हुई महंगी

त्योहारी सीजन की शुरुआत के बावजूद, आम उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई राहत नहीं मिली है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर के दाम 8 अप्रैल के बाद से अपरिवर्तित हैं। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में इसकी कीमत 853 रुपये, कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये पर स्थिर है। विशेषज्ञों का मानना है कि कच्चे तेल और गैस की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में वृद्धि और रुपये के कमजोर होने से आयात महंगा हुआ है, जिसके कारण घरेलू कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया।
दूसरी ओर, कमर्शियल गैस सिलेंडर (19 किलोग्राम) के दाम में मामूली इजाफा हुआ है। दिल्ली में यह 15.50 रुपये महंगा होकर 1,595.50 रुपये हो गया है। इसी तरह, कोलकाता में 16.5 रुपये बढ़कर 1,700.50 रुपये, मुंबई में 15.5 रुपये बढ़कर 1,547 रुपये और चेन्नई में 16.5 रुपये बढ़कर 1,754.5 रुपये हो गया है। वाणिज्यिक गैस की कीमतों में हुई इस वृद्धि से होटल और रेस्तरां जैसे व्यावसायिक संस्थानों पर सीधा असर पड़ेगा।