जुबीन गर्ग मौत मामला, मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और इवेंट आयोजक श्यामकानु महंत दिल्ली से गिरफ्तार, SIT जांच में बड़ा खुलासा!
असम के मशहूर गायक जुबीन गर्ग की सिंगापुर में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उनके मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और फेस्टिवल आयोजक श्यामकानु महंत को बुधवार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, महंत को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सिंगापुर से पहुंचने के तुरंत बाद हिरासत में लिया गया। वहीं, शर्मा को गुरुग्राम के एक अपार्टमेंट से पकड़ा गया। बाद में, दोनों को बुधवार सुबह गुवाहाटी ले जाया गया।
संगीत की दुनिया के बड़े नाम और असम के प्रिय गायक, 52 वर्षीय जुबीन गर्ग की 19 सितंबर को सिंगापुर के लाजरस द्वीप पर कथित तौर पर डूबने से मौत हो गई थी। वह नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में प्रस्तुति देने के लिए सिंगापुर गए थे।
असम सरकार ने जुबीन गर्ग की मौत की जांच के लिए स्पेशल डीजीपी एम पी गुप्ता के नेतृत्व में 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। SIT ने महंत, शर्मा और सिंगापुर गए अन्य लोगों को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किए थे। इससे पहले पुलिस ने जुबीन गर्ग के बैंड के लंबे समय से सदस्य शेखर ज्योति गोस्वामी को भी हिरासत में लिया था, जो कथित तौर पर गायक के साथ नौका यात्रा पर गए थे।
शुरुआती रिपोर्टों में मौत का कारण स्कूबा डाइविंग बताया गया था। हालांकि, गर्ग की पत्नी गरिमा सैकिया ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि तैरते समय उन्हें दौरा पड़ा था। सिंगापुर के अधिकारियों ने अपनी ऑटोप्सी रिपोर्ट में डूबने को मौत का कारण बताया है।
‘संगीत सम्राट’ कहे जाने वाले जुबीन गर्ग का जन्म 18 नवंबर 1972 को असम के जोरहाट जिले में हुआ था। बहुभाषी गायक ने असमिया, हिंदी, बंगाली, उड़िया समेत कई भाषाओं में गीत गाए। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें सबसे ज़्यादा लोकप्रियता 2006 की फिल्म गैंगस्टर के गीत ‘या अली’ से मिली थी, जो आज भी काफी लोकप्रिय है।