कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अचानक बीमार, बुखार और पैर दर्द की शिकायत के बाद बेंगलुरु के अस्पताल में भर्ती
October 1, 2025
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण उन्हें बेंगलुरु के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी सेहत के बारे में अस्पताल की तरफ से कोई आधिकारिक स्वास्थ्य बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता खरगे को मंगलवार को बुखार और पैर में दर्द की शिकायत थी। पार्टी नेता ने कहा, “समस्या होने के बाद उन्हें मंगलवार को अस्पताल ले जाया गया। वह ठीक हैं और किसी प्रकार की चिंता की जरूरत नहीं है। डॉक्टर उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रहे हैं।”
संसद सत्र से पहले पार्टी के शीर्ष नेता का अचानक अस्पताल में भर्ती होना कांग्रेस खेमे में हलचल का विषय है। हालांकि, पार्टी सूत्रों ने खरगे के स्वास्थ्य को स्थिर बताया है और उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद जताई है।