इमेज बचाने की लड़ाई? चहल पर आरोप लगाकर घिरीं धनश्री, सोशल मीडिया पर उठे गंभीर सवाल
ओटीटी प्लेटफॉर्म एमएक्स प्लेयर के शो ‘राइज एंड फॉल’ में बतौर कंटेस्टेंट आईं युजवेंद्र चहल की एक्स वाइफ धनश्री वर्मा लगातार क्रिकेटर पर निशाना साध रही हैं। हालांकि, उन्होंने शो की शुरुआत में ही अपने एक्स हसबैंड की इज्जत करने और तलाक पर कोई बात न करने की बात कही थी, लेकिन अब उनकी बयानबाजी से लग रहा है कि वह अपनी इमेज ठीक करने के लिए चहल को गलत साबित करने का प्रयास कर रही हैं।
हाल ही में शो के एक एपिसोड में धनश्री ने चहल पर अब तक का सबसे बड़ा और सनसनीखेज आरोप लगाया है। नयनदीप, आदित्य नारायण और कुबरा के साथ बातचीत में धनश्री ने दावा किया कि “मैंने शादी के शुरुआती दो महीनों में ही चहल को चीटिंग करते हुए पकड़ लिया था।” यह बयान ऐसे समय में आया है, जब चहल वहां मौजूद नहीं हैं और इससे उनकी मंशा पर सवाल उठ रहे हैं।
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि अगर शुरुआती दो महीने में ही ‘धोखाधड़ी’ हुई थी, तो धनश्री ने लगभग चार साल बाद तलाक क्यों लिया? सोशल वर्क से जुड़ीं दीपिका नारायण ने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, “उसने दो महीने में उसे धोखा करते रंगे हाथ पकड़ा था, लेकिन ₹4.75 करोड़ की एलिमनी लेने के लिए तीन साल तक इंतजार किया।” हालांकि, धनश्री पहले एलिमनी की रकम को लेकर हुए नेगेटिव प्रचार को झूठा बता चुकी हैं और यह भी कहा था कि चहल की तरफ से यह प्रचार किया गया था ताकि वह मुंह न खोलें।
फिलहाल ये आरोप एकतरफा हैं, क्योंकि युजवेंद्र चहल खुद का बचाव करने के लिए शो में मौजूद नहीं हैं। ऐसे में सिर्फ धनश्री की बातों के आधार पर इस मामले को सच मान लेना ठीक नहीं होगा। अब देखना होगा कि चहल इस गंभीर आरोप पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।