नॉर्थ मैनचेस्टर में दहशत, ‘योम किप्पुर पर यहूदी धर्मस्थल के बाहर कार और चाकू से हमला, 3 की मौत, ‘पुलिस ने हमलावर को मार गिराया
इंग्लैंड के उत्तरी मैनचेस्टर में स्थित हीटन पार्क हिब्रू कॉन्ग्रिगेशन सिनेगॉग के बाहर गुरुवार सुबह एक व्यक्ति ने भीषण हमला किया। यह हमला यहूदी कैलेंडर के सबसे पवित्र दिन योम किप्पुर के मौके पर हुआ। हमलावर ने पहले लोगों को अपने वाहन से टक्कर मारी और फिर उन पर चाकू से हमला किया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में दो आम नागरिक मारे गए हैं। तीसरा मृतक संदिग्ध हमलावर है, जिसे पुलिस ने घटनास्थल पर ही गोली मारकर ढेर कर दिया।
मौके पर बम निरोधक इकाई तैनात:
ग्रेटर मैनचेस्टर पुलिस (GMP) को सुबह 9.30 बजे के कुछ देर बाद क्रम्पसॉल स्थित धर्मस्थल पर बुलाया गया। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, एक कार को पैदल यात्रियों पर चढ़ा दिया गया, जिसके बाद उसमें सवार व्यक्ति ने लोगों पर चाकू से वार किया। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत हमलावर का सामना किया और कुछ ही मिनटों में उसे गोली मार दी। एहतियात के तौर पर बम निरोधक इकाई (Bomb Disposal Unit) को भी घटनास्थल पर तैनात किया गया है।
पीएम ने हमले को बताया भयानक:
यूके के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, “क्रम्पसॉल के एक धर्मस्थल में हुए हमले से स्तब्ध हूं। यह घटना योम किप्पुर के दिन हुई है, इसलिए यह और भी भयानक हो जाता है। मेरी संवेदनाएं सभी प्रभावित लोगों के प्रियजनों के साथ हैं।”
ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर एंडी बर्नहैम ने इसे एक “गंभीर घटना” बताया और लोगों से शांत रहने की अपील की। पुलिस ने अभी तक पीड़ितों या संदिग्ध के बारे में कोई विवरण जारी नहीं किया है और हत्या का मकसद भी स्पष्ट नहीं है। जांच जारी है।