अंबिकापुर में सनकी ‘आशिक’ का कत्ल! पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े प्रेमिका को चाकू से गोदा, ब्रेकअप से नाराज था आरोपी, ‘CCTV में कैद हुई वारदात
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सिरफिरे आशिक ने पेट्रोल पंप पर काम करने वाली अपनी प्रेमिका की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। हमले में गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। हत्या की यह पूरी वारदात पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है।
पेट्रोल पंप पर खूनी हमला:
घटना शहर के रिंग रोड काली मंदिर के पास स्थित श्रीकृपा फ्यूल्स पेट्रोल पंप की है। मृतका विद्यावती उर्फ भारती टोप्पो (28) बलौदाबाजार जिले की रहने वाली थी और पिछले 5-6 महीनों से यहां काम कर रही थी। गुरुवार को जब वह अपनी ड्यूटी कर रही थी, तभी जोगेंद्र पैकरा नामक एक युवक बिना नंबर की बाइक से वहां आया। पेट्रोल पंप कर्मचारियों के अनुसार, युवक पीठ पर बैग लादे हुए था और कुछ देर खड़ा रहने के बाद अचानक उसने अपनी बाइक से एक बड़ा चाकू निकाल लिया।
चाकू देखते ही युवती जान बचाने के लिए भागी, लेकिन आरोपी ने उसे पकड़ लिया और दौड़ा-दौड़ाकर चाकू से हमला किया। चाकू के वार से युवती लहूलुहान होकर गिर गई। बीच-बचाव करने आए एक अन्य कर्मचारी संतोष यादव पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल विद्यावती को मिशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
साहसी लोगों ने दबोचा आरोपी:
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जोगेंद्र पैकरा भागने लगा, तभी पेट्रोल पंप के बगल की दुकान के संचालक गुरदेव सिंह ने उसे बहादुरी दिखाते हुए दौड़ाकर पकड़ लिया। आरोपी ने गुरदेव सिंह का गला दबाने की कोशिश की और एयर गन निकालकर डराया। इसी बीच, गुरदेव सिंह के भाई ने आरोपी के सिर पर ईंट मारी, जिसके बाद आरोपी फिर भागने लगा। लोगों ने शोर मचाया और अंततः भीड़ ने उसे घेर लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
शक के चलते की हत्या:
एएसपी सरगुजा अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है। मृतका विद्यावती और आरोपी जोगेंद्र पैकरा, दोनों कुसमी के निवासी हैं और लंबे समय से उनके बीच संबंध था। पेट्रोल पंप संचालक संदीप त्रिपाठी ने बताया कि युवक पिछले कुछ दिनों से लगातार पेट्रोल पंप आ रहा था और मृतका के मोबाइल फोन की जांच करता रहता था। पुलिस को आशंका है कि विद्यावती ने जोगेंद्र से ब्रेकअप कर लिया था, या आरोपी को शक था कि युवती किसी और से बात कर रही है, जिससे नाराज होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस आरोपी जोगेंद्र पैकरा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।