गोपालपुर के पास आज शाम तट से टकराएगा डीप डिप्रेशन, 6 अक्टूबर तक जारी रहेगा भारी बारिश का कहर
बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव (Deep Depression) के कारण ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी से अत्यधिक भारी बारिश के हालात बन गए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, यह दबाव आज, गुरुवार शाम तक ओडिशा के गंजाम जिले में गोपालपुर के पास तट से टकरा सकता है। इसके चलते ओडिशा के 7 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट, 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 7 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार से ही तटीय और दक्षिणी ओडिशा के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो रही है। राज्य सरकार ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रभावित जिलों में राहत दल और मशीनरी तैनात कर दी है। मछुआरों को 3 अक्टूबर तक समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है।
पश्चिम बंगाल में भी अलर्ट:
मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के लिए भी भारी बारिश का अलर्ट दिया है। गुरुवार को कई जिलों में बारिश हुई और अनुमान है कि आने वाले दिनों में 6 अक्टूबर तक तेज बारिश जारी रह सकती है। दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर और झारग्राम जिलों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। वहीं, कोलकाता और हावड़ा में भी शुक्रवार सुबह तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
18 किमी/घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा दबाव:
IMD के अनुसार, यह गहरा दबाव 18 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तट की ओर बढ़ रहा है। गुरुवार दोपहर 11:30 बजे यह गोपालपुर (ओडिशा) से 90 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व और कालींगपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 140 किलोमीटर पूर्व-उत्तरपूर्व में केंद्रित था। IMD ने स्पष्ट किया है कि तट पार करने के दौरान तटीय जिलों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है, जिसके मद्देनजर राज्य सरकारें पूरी तरह सतर्क हैं।