दिवाली से पहले क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, ‘हानिकारक रसायनों से बन रहे नकली घी के तीन अवैध ठिकाने सील, ₹1.62 करोड़ का माल जब्त
दिल्ली पुलिस ने मिलावटी घी बेचने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में चल रही तीन अवैध निर्माण इकाइयों से 1,600 किलोग्राम (किलो) से अधिक मिलावटी घी जब्त किया गया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
हानिकारक रसायनों वाले नकली घी पर अंकुश लगाने के लिए यह कार्रवाई त्योहारों के सीजन, खासकर दिवाली से ठीक पहले, की गई है जब मांग चरम पर होती है।
अधिकारियों ने बताया कि शिव विहार, करावल नगर और मुस्तफाबाद में की गई छापेमारी में शफीक (30), यूसुफ मलिक (50), उसके बेटे महबूब (22), शाकिर, शाहरुख और जमालुद्दीन (40) नामक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के अनुसार, इस प्रकार के मिलावटी घी के सेवन से कैंसर भी हो सकता है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विक्रम सिंह ने बताया कि दशहरा और दिवाली के दौरान मांग में वृद्धि के मद्देनजर बड़े पैमाने पर मिलावटी सामान बनाए जाने के बारे में विशेष खुफिया जानकारी मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने कई टीम गठित कीं और लगातार छापे मारे।
उन्होंने बताया कि तीनों स्थानों से 1,625 किलोग्राम मिलावटी घी से भरे 105 लोहे के टिन, साथ ही रसायन, दवाइयां, स्टोव, गैस सिलेंडर और विनिर्माण उपकरण जब्त किए गए।
भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि व्यापक आपूर्ति शृंखला का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।