MP में शोक की लहर, ‘दुर्गा प्रतिमा विसर्जन में शामिल श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलटी, सीएम मोहन यादव ने 4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया

विजयादशमी के दिन गुरुवार को मध्य प्रदेश में एक बड़ा और दुखद हादसा हो गया। यहां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए गए श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली पोखर (तालाब) में गिर गई। इस भीषण हादसे में 8 बच्चियों सहित कुल 11 लोगों की मौत हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के पंधाना क्षेत्र में हुआ। दुर्गा देवी की मूर्तियों के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली तालाब में पलट गई और कई लोग डूब गए।

इंदौर (ग्रामीण) रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अनुराग ने बताया कि, “अब तक तालाब से 11 श्रद्धालुओं के शव निकाले जा चुके हैं (शुरुआती जानकारी में संख्या 9 थी)।” पुलिस, प्रशासन के साथ ही राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान जारी रहा।

5-6 श्रद्धालु तैरकर निकले बाहर

पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार श्रद्धालु ग्रामीण क्षेत्र के अलग-अलग पंडालों में स्थापित मूर्तियों को विसर्जित करने जा रहे थे। उन्होंने बताया, “हमें पता चला है कि हादसे के बाद पांच-छह श्रद्धालु तालाब से जीवित बाहर आ गए।” पुलिस महानिरीक्षक ने यह भी बताया कि हादसे के सही कारण का पता लगाया जा रहा है।

सीएम मोहन यादव ने जताया दुख

खंडवा की घटना पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट करते हुए गहरा दुख जताया है। उन्होंने लिखा, “खंडवा के ग्राम जामली और उज्जैन के समीप इंगोरिया थाना क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए हादसे अत्यंत दुखद हैं। शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।”

सीएम ने मृतकों के निकटतम परिजनों को ₹4-4 लाख की सहायता राशि तथा घायलों को नजदीकी अस्पताल में समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *