मेदिनीनगर SBI शाखा में सेंधमारी की कोशिश! गैस कटर से कैश ले जाने की थी तैयारी, बैंक का सिक्योरिटी सिस्टम तोड़ने में नाकाम रहे अपराधी

जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के बैरिया चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की शाखा में सेंधमारी हुई है, हालांकि अपराधियों को सफलता नहीं मिल पाई है। अपराधी बैंक से कैश या किसी तरह का सामान ले जाने में विफल रहे। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसमें मास्क पहने हुए एक अपराधी नजर आ रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय स्टेट बैंक की बैरिया चौक स्थित शाखा के पिछले हिस्से से सेंधमारी कर अपराधी बैंक के अंदर दाखिल हुए थे। इस दौरान अपराधियों ने सबसे पहले बैंक के सिक्योरिटी सिस्टम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। इसी क्रम में बैरिया चौक शाखा से जुड़ी हुई एटीएम का लिंक कट गया।

लिंक टूटने के बाद पूरे मामले की जानकारी बैंक अधिकारियों को मिली, जिन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। अपराधी बैंक के सिक्योरिटी सिस्टम को पूरी तरह तोड़ नहीं पाए और उन्हें सफलता नहीं मिल पाई।

अपराधियों ने किया गैस कटर का इस्तेमाल

मामले की जानकारी मिलते ही टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस की जांच में पता चला है कि अपराधियों ने सेंधमारी और सिक्योरिटी सिस्टम को नुकसान पहुंचाने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया था।

टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक की बैरिया चौक स्थित शाखा में सेंधमारी की कोशिश हुई है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। वहीं, भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक विवेकानंद ने बताया कि एटीएम का लिंक टूटने के बाद ही पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी गई थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *