ट्रंप के शुल्क का झटका रूस संभालेगा! मोदी की जमकर तारीफ, पुतिन बोले—भारत किसी के सामने अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा

अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ (शुल्क) के बीच, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारत के शासन की जमकर तारीफ की है। गुरुवार शाम अंतरराष्ट्रीय वालदाई चर्चा मंच को संबोधित करते हुए पुतिन ने मोदी को “संतुलित और बुद्धिमान” नेता बताया।

राष्ट्रपति पुतिन ने जोर देकर कहा कि डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाले अमेरिकी प्रशासन द्वारा लगाए गए भारी टैरिफ से भारत को होने वाले नुकसान को नई दिल्ली आसानी से संतुलित कर लेगी। दिसंबर में अपनी भारत यात्रा से पहले, पुतिन ने यह भी कहा कि रूस और भारत के बीच कभी कोई समस्या या तनाव नहीं रहा है और दोनों देशों ने हमेशा एक-दूसरे की संवेदनशीलता को ध्यान में रखकर काम किया है।

भारत की स्वतंत्र नीति का समर्थन:

सोची में वालदाई फोरम में बोलते हुए, पुतिन ने भारत-रूस संबंधों को “विशेष” बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी को अपना “दोस्त” कहा। उन्होंने मोदी को एक “संतुलित, बुद्धिमान” और “राष्ट्रीय रूप से उन्मुख” नेता बताते हुए रूस से तेल आयात रोकने के लिए अमेरिका के दबाव को नजरअंदाज करने के भारत के फैसले की सराहना की।

पुतिन ने स्पष्ट किया कि, “दंडात्मक अमेरिकी टैरिफ के कारण भारत को होने वाले नुकसान की भरपाई रूस से कच्चे तेल के आयात से हो जाएगी, साथ ही एक संप्रभु राष्ट्र के रूप में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ेगी।” उन्होंने यह भी कहा कि व्यापार असंतुलन को दूर करने के लिए रूस भारत से अधिक कृषि उत्पाद और दवाएं खरीद सकता है।

रूसी ऊर्जा छोड़ने के लिए भारत पर अमेरिका के दबाव के सवाल पर पुतिन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी “कभी ऐसा कदम नहीं उठाएंगे”। उन्होंने कहा, “अगर भारत हमारी ऊर्जा आपूर्ति से इनकार करता है, तो उसे एक निश्चित नुकसान होगा… और मुझे प्रधानमंत्री मोदी को जानता हूं; वह खुद इस तरह का कोई कदम नहीं उठाएंगे।”

गौरतलब है कि फार्मा उत्पादों, फर्नीचर और भारी ट्रकों पर ट्रंप द्वारा लगाए गए अतिरिक्त आयात शुल्क 1 अक्टूबर से लागू हो गए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *