कुरुक्षेत्र की धरती पर शाह का स्वागत, मगर JJP नेता ने मांगा ‘कठोर कार्रवाई’ का स्पष्ट संदेश! क्या दे पाएंगे जवाब?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हरियाणा दौरे के बीच, गठबंधन सहयोगी जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के एक वरिष्ठ नेता ने राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर उन्हें सीधे कटघरे में खड़ा कर दिया है। जेजेपी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष जसविंदर खैहरा ने आज गृह मंत्री का कुरुक्षेत्र की पावन धरती पर स्वागत करने के साथ ही सोशल मीडिया पर एक कड़ा पोस्ट साझा किया, जिससे राज्य की राजनीति में हलचल मच गई है।
खैहरा ने अपने पोस्ट में लिखा है कि, “हरियाणा की जनता के मन में एक गंभीर प्रश्न है कि राज्य की कानून व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। निहत्थे नागरिकों पर दिन-प्रतिदिन गोलियां बरसाई जा रही हैं, व्यापारी अपने व्यवसाय में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और आमजन भय के साए में जी रहे हैं।”
उन्होंने आगे आशा व्यक्त की है कि गृह मंत्री अमित शाह अपने संबोधन में इन ज्वलंत मुद्दों पर गंभीर ‘आत्मचिंतन’ करेंगे और हरियाणा की लचर व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाने का स्पष्ट संदेश देंगे। खैहरा ने सीधे सवाल किया, “जनता यह देखना चाहती है कि क्या गृहमंत्री के रूप में आप इस बिगड़ी हुई व्यवस्था पर सख्त कार्रवाई कर वास्तविक सुधार कर पाएंगे।” शाह की रैली से पहले गठबंधन के सहयोगी का यह ‘हमला’ राज्य सरकार और बीजेपी पर दबाव बढ़ा रहा है।