हाईकमान का फरमान तोड़ना महंगा! CM पद पर बयानबाजी के बाद 2 विधायकों पर गिरी गाज

कर्नाटक कांग्रेस में एक बार फिर मुख्यमंत्री पद को लेकर बयानबाजी तेज होने के बाद पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को भावी मुख्यमंत्री बताने वाले सार्वजनिक बयान देने पर कांग्रेस ने अपने दो नेताओं—पूर्व सांसद एलआर शिवरामे गौड़ा और तुमकुर विधायक एचडी रंगनाथ को नोटिस जारी किया है।

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) की अनुशासनात्मक समिति ने नेताओं के इन बयानों को ‘अनाधिकृत’ और ‘पार्टी अनुशासन का उल्लंघन’ बताया है। KPCC ने कहा कि AICC के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद, नेताओं ने सार्वजनिक रूप से बयान दिए, जिससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा और भ्रम पैदा हुआ।

पूर्व सांसद एलआर शिवरामे गौड़ा ने दावा किया था कि डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने में कोई संदेह नहीं है और यह भी कहा कि आलाकमान ने सिद्धारमैया और शिवकुमार दोनों के लिए ढाई-ढाई साल के कार्यकाल का आश्वासन दिया था। वहीं, विधायक एचडी रंगनाथ ने शिवकुमार को अपना ‘राजनीतिक गुरु’ और ‘राइजिंग स्टार’ बताते हुए उन्हें CM की कुर्सी पर देखने की इच्छा व्यक्त की थी।

बढ़ते विवाद के बीच, स्वयं डीके शिवकुमार ने हस्तक्षेप किया और पार्टी सहयोगियों को सीएम पद पर कोई भी चर्चा न करने की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि ऐसे बयान देने वालों को नोटिस भेजा जाए। दोनों नेताओं से एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। शिवकुमार ने जोर देकर कहा कि सीएम सिद्धारमैया और वह आलाकमान के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए एकजुट होकर काम कर रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *