सार्वजनिक स्थान पर छेड़छाड़ और अश्लील गाना! आगरा पुलिस ने ‘खलनायक’ गाने वाले शोहदे को पकड़ा
उत्तर प्रदेश के आगरा से एक अजीबोगरीब और परेशान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां थाना सदर क्षेत्र के राजपुर चुंगी इलाके में एक शख्स युवतियों को निकलता देख ‘खलनायक’ फिल्म का गाना ‘चोली के पीछे क्या है’ जोर-जोर से गाता था और सीटी बजाता था। उसकी लगातार हरकतों से तंग आकर लोगों ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस को जब इस बारे में पता चला तो टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी रोड पर युवतियों को निकलता देख गाना गा रहा था। जब पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की, तब भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और युवक की बदतमीजी खुद देखी। वह लगातार महिलाओं को देखकर गाना गा रहा था। जब हरकतों से बाज नहीं आया, तो उसके खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करने (Breach of Peace) की धारा में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया।”
इस सड़क पर दिनभर लोगों का आवागमन रहता है। शाम के समय अक्सर लोग परिवार के साथ घूमने आते हैं। पुलिस का कहना है कि वे लगातार ऐसे लोगों पर शिकंजा कस रहे हैं जो स्टंट या छेड़छाड़ की घटना को अंजाम देते हैं।