हिमाचल, धंस गई सड़क, खाई में लटक गई यात्रियों से भरी बस; ड्राइवर की जांबाजी ने बचाई 12 जानें।
हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले की चुराह घाटी में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यात्रियों से भरी एक निजी बस सड़क धंसने के कारण अचानक खाई की ओर लटक गई। यह ड्राइवर की जांबाजी थी कि उन्होंने बस पर नियंत्रण बनाए रखा और उसमें सवार सभी 12 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह घटना सुबह करीब 8:15 बजे हुई। बस चांजू से चम्बा की तरफ जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही बस खल्ली नामक स्थान से गुजर रही थी, तभी अचानक सड़क का एक बड़ा हिस्सा नीचे की ओर धंस गया। इससे बस का पिछला टायर सड़क से बाहर निकलकर हवा में झूल गया और बस एक तरफ झुक गई।
इस अप्रत्याशित घटना से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक लगाकर बस को रोका और सभी यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकलने में मदद की। लोगों का कहना है कि अगर ड्राइवर की तत्परता न होती तो बस खाई में गिर सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो जाता।
PWD की लापरवाही पर फूटा गुस्सा
स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि मानसून की भारी बारिश के बाद से ही यह सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। कई बार शिकायत के बावजूद विभाग ने इसकी मरम्मत की कोई सुध नहीं ली। लोगों का कहना है कि गुरुवार रात हुई हल्की बारिश के कारण मिट्टी और कमजोर हो गई, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में विभाग के प्रति भारी गुस्सा है और वे सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग कर रहे हैं।