शर्मनाक, बेगूसराय में 13 साल की बच्ची से दरिंदगी, रेप के बाद हत्या कर नदी में फेंका; इलाके में भारी आक्रोश।
बिहार के बेगूसराय जिले से एक दिल दहला देने वाला और बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक 13 साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। बच्ची का शव नग्न अवस्था में पानी में तैरता हुआ मिला है। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना जिले के चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों को पानी में एक किशोरी का नग्न शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव मिलने की खबर पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और मौके पर सैकड़ों ग्रामीण इकट्ठा हो गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। नग्न अवस्था में शव मिलने से स्पष्ट रूप से रेप के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीण तुरंत फॉरेंसिक जांच टीम को बुलाने और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस लोगों को शांत कराने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। इस वारदात ने इलाके में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।